Blog

छात्र से मारपीट के आरोप में प्राचार्य पर FIR, सिर और घुटने में चोट का दावा; CCTV फुटेज सामने आया

सक्ती ( शिखर दर्शन ) // सरस्वती शिशु मंदिर चंद्रपुर के छात्रावास में कक्षा 9वीं के छात्र से कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने स्कूल के प्राचार्य के खिलाफ FIR दर्ज की है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में छात्र के सिर, पीठ और बाएं घुटने में चोट लगने का आरोप लगाया गया है।

सहपाठी से बातचीत के दौरान पहुंचने का आरोप

शिकायत के अनुसार, ग्राम तिलाईपाली निवासी शशिभूषण गुप्ता का पुत्र क्षत्रपति गुप्ता सरस्वती शिशु मंदिर चंद्रपुर में कक्षा 9वीं का छात्र है और स्कूल के छात्रावास में रहता है। आरोप है कि 30 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे छात्रावास के बाथरूम के पास वह अपने सहपाठी से बातचीत कर रहा था।

इसी दौरान प्राचार्य जगन्नाथ नायक वहां पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने छात्र के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

बाल पकड़कर जमीन पर पटकने का आरोप

परिजनों की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्राचार्य ने छात्र को हाथ-मुक्के से मारने के साथ उसके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इस घटना में छात्र के सिर, पीठ और बाएं घुटने में चोट आने की बात कही गई है। घटना से संबंधित CCTV फुटेज भी सामने आने की जानकारी दी गई है।

BNS और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला

छात्र के परिजनों की शिकायत के आधार पर चंद्रपुर पुलिस ने प्राचार्य जगन्नाथ नायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2) तथा किशोर न्याय (बच्चों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज किया है।

परिजनों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद वे रात करीब 10 बजे विद्यालय पहुंचे और इसके बाद चंद्रपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद संबंधित पक्षों के बयान लेने और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

मामले के सामने आने के बाद छात्र के परिजनों और क्षेत्रवासियों ने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!