IED निष्क्रिय करते समय जोरदार धमाका, CRPF के चार जवान घायल; भद्राचलम रेफर

सुकमा ( शिखर दर्शन ) // सुकमा में सुरक्षा बलों को सर्चिंग के दौरान मिले IED को निष्क्रिय करते समय जोरदार धमाका हो गया। ब्लास्ट की चपेट में आने से CRPF के चार जवान घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए तेलंगाना के भद्राचलम रेफर किया गया है।
IED डिफ्यूज करते समय हुआ ब्लास्ट
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों की टीम एलाड़मड़गु कैंप के आसपास सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को एक IED मिला। उसे निष्क्रिय करने की कार्रवाई के दौरान अचानक तेज धमाका हो गया, जिसकी चपेट में चार जवान आ गए।
50वीं वाहिनी के बताए जा रहे घायल जवान
घायल जवानों को तत्काल कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल जवान CRPF की 50वीं वाहिनी के बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। आसपास के क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।

