युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर, सुशासन तिहार में 2428 पदों पर भर्ती के लिए जॉब फेयर का आयोजन
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // सुशासन तिहार-2025 के अंतर्गत युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक विशेष जॉब फेयर का आयोजन किया है। यह रोजगार मेला 14 और 15 मई को मल्टीलेवल पार्किंग, कलेक्टर परिसर, घड़ी चौक, रायपुर में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जारी है।
इस जॉब फेयर में निजी क्षेत्र की 6 प्रमुख कंपनियां शामिल हैं, जो कुल 2,428 विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती कर रही हैं। इनमें टेक्नो टास्क, अलर्ट एस.जी.एस. प्रा. लि., अपोलो फर्मेसी, फिनोवामेडओरगा प्रा. लि., शांता टेक्नो प्रा. लि. और शिवशक्ति एग्रीटेक प्रा. लि. प्रमुख हैं।
पदों की श्रेणियाँ 10वीं, 12वीं, स्नातक, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, फिटर, वेल्डर, अकाउंटेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर समेत अन्य तकनीकी और गैर-तकनीकी विभागों में हैं। चयनित उम्मीदवारों को 8,000 से 40,000 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा।

पहले दिन 187 युवाओं ने इस रोजगार मेले में भाग लिया, जिनमें से 74 आवेदकों का प्राथमिक चयन किया गया और उन्हें मौके पर ही नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक युवाओं से अनुरोध है कि वे अपने बायोडाटा, आधार कार्ड और शैक्षणिक/तकनीकी योग्यता के प्रमाण पत्रों की छायाप्रति लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित हों। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय रायपुर से संपर्क किया जा सकता है।
यह पहल रायपुर जिला प्रशासन की युवाओं के लिए रोजगार सृजन की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जो रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायक साबित होगा।
______________________________________________________



