सीएम साय का हैदराबाद दौरा आज, राजधानी में नई मिनी सिटी बस सेवा शुरू; खाद-बीज मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन

जलापूर्ति रहेगी प्रभावित, युवा शिविर और डिजिटल-एआई कार्यशाला समेत दिनभर कई अहम कार्यक्रम
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी सहित प्रदेश में गुरुवार को राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हैदराबाद दौरे पर रवाना होंगे, वहीं रायपुर में नई मिनी सिटी बस सेवा की शुरुआत होगी। खाद-बीज संकट को लेकर कांग्रेस प्रदर्शन करेगी, जबकि शहर के कई इलाकों में शाम की जलापूर्ति भी प्रभावित रहेगी।
हैदराबाद दौरे पर रवाना होंगे मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार शाम नई दिल्ली से हैदराबाद के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरकर रात में हैदराबाद पहुंचेंगे। 12 जून को वे होटल पार्क हयात में आयोजित इन्वेस्टर मीट में शामिल होकर निवेशकों से चर्चा करेंगे। बैठक के बाद वे शाम को रायपुर लौटेंगे।
राजधानी में शुरू होगी नई मिनी सिटी बस सेवा
राजधानी रायपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गुरुवार से आठ नई मिनी सिटी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। 45 दिनों के पायलट प्रोजेक्ट के तहत बसें टाटीबंध चौक-रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी भाठागांव-रेलवे स्टेशन रूट पर चलेंगी। यात्रियों को हर 15 से 20 मिनट में बस सुविधा उपलब्ध होगी।
खाद-बीज संकट को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल
प्रदेश में खाद और बीज की कथित कमी को लेकर कांग्रेस आज राजधानी में प्रदर्शन करेगी। अंबेडकर चौक से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
42 इलाकों में शाम की जलापूर्ति प्रभावित
रावणभाटा उपकेंद्र में मेंटेनेंस कार्य के चलते रायपुर के 42 क्षेत्रों में गुरुवार शाम जलापूर्ति बाधित रहेगी। नगर निगम के अनुसार सुबह की सप्लाई सामान्य रहेगी, जबकि शाम को कई जलागारों से पानी की आपूर्ति नहीं हो सकेगी। प्रभावित क्षेत्रों में तेलीबांधा, शंकर नगर, गुढ़ियारी, डीडी नगर, भाठागांव, सरोना, अमलीडीह, मोवा, सड्डू और रायपुरा सहित अनेक इलाके शामिल हैं।
युवाओं के लिए आवासीय शिविर
गायत्री परिवार रायपुर एवं शहर जिला साहू संघ के संयुक्त तत्वावधान में कृष्णा नगर स्थित मां कर्मा धाम में एक दिवसीय आवासीय युवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों पर विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।
एआई और डिजिटल सशक्तीकरण पर विशेष कार्यशाला
फिक्की फ्लो रायपुर चैप्टर की ओर से 12 और 13 जून को डिजिटल जागरूकता एवं एआई सशक्तीकरण विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों और आम प्रतिभागियों को चैटजीपीटी, गूगल जेमिनी सहित विभिन्न डिजिटल और एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी जाएगी।
रविशंकर विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया
रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया 16 जून से शुरू होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।



