रायपुर संभाग

मड़ई मेले में आइसक्रीम बेच रहे राजस्थान के युवक पर चाकू से हमला, पीठ पर वार कर किया गंभीर रूप से घायल

भखारा क्षेत्र के पुरैना गांव के पास वारदात, अस्पताल में भर्ती युवक का उपचार जारी; हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

धमतरी ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मड़ई मेले के दौरान एक आइसक्रीम विक्रेता पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। राजस्थान से व्यापार करने पहुंचे युवक पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से वार कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

मड़ई मेले में आइसक्रीम बेचने पहुंचा था युवक

मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान राम प्रकाश बिल के रूप में हुई है। वह राजस्थान के भीलवाड़ा जिले का निवासी बताया जा रहा है। युवक व्यापार के सिलसिले में धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेले में आइसक्रीम बेचने पहुंचा था।

पुरैना गांव के पास पीठ पर किया चाकू से वार

बताया जा रहा है कि इसी दौरान पुरैना गांव के पास अज्ञात लोगों ने युवक पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी पीठ पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

हमलावरों की पहचान नहीं, पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल हमले को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। वारदात के पीछे की वजह भी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!