बढ़ी ठंड की रफ्तार, 20 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे; करौंदी में सबसे सर्द रात

कश्मीर-हिमाचल की बर्फबारी का दिख रहा असर, अगले पांच दिनों में 1 से 2 डिग्री तक और गिर सकता है तापमान; ग्वालियर-चंबल में ठंड का ज्यादा असर
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के बाद वहां से आ रही ठंडी हवाओं ने प्रदेश में तापमान गिरा दिया है। रात के साथ सुबह और शाम के समय भी ठंडक बढ़ने लगी है। मौसम के बदलते मिजाज के बीच प्रदेश के करीब 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज हो सकता है।
करौंदी में सबसे कम तापमान, भोपाल-इंदौर में भी बढ़ी ठिठुरन
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कटनी जिले के करौंदी में दर्ज किया गया, जहां पारा 10.6 से 10.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री और शाजापुर के गिरवर में 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर और दमोह में पारा 11.6 डिग्री, छिंदवाड़ा में 11.8 डिग्री तथा भोपाल में 12 से 12.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.2 से 12.6 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। इस बार भोपाल और इंदौर में पचमढ़ी के मुकाबले भी ज्यादा ठंड महसूस की जा रही है।
इसके अलावा मलाजखंड और नौगांव में 12.6 डिग्री, उमरिया में 13 डिग्री, जबलपुर में 13.4 डिग्री और उज्जैन में 14 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
पहाड़ी इलाकों की बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। उत्तर भारत की ओर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। इसका सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल संभाग में देखने को मिल सकता है। ऐसे में रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं।
आज बारिश का अलर्ट नहीं, सुबह हल्के कोहरे की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल मध्यप्रदेश में कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दिन के समय तेज धूप रहने की संभावना है, जबकि सुबह कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है। नवंबर के तीसरे या चौथे सप्ताह में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।
नवंबर के दूसरे पखवाड़े में बढ़ेगी सर्दी
मौसम के मौजूदा रुझान को देखते हुए नवंबर के दूसरे पखवाड़े में मध्यप्रदेश में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है। खासकर ग्वालियर, चंबल, शहडोल और पूर्वी मध्यप्रदेश के जिलों में रात का तापमान लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। फिलहाल मौसम शुष्क रहने के कारण दिन और रात के तापमान में अंतर बना रहेगा।



