रायपुर संभाग

महादेव सट्टा एप मामले में CBI का बड़ा एक्शन, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद जांच एजेंसी की कार्रवाई तेज, कई जगहों पर चल रहे सट्टेबाजी के पैनल बंद; म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क से जुड़े अहम सबूत मिले

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। एप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। ये कार्रवाई कथित तौर पर महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर की गई।

सीबीआई के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते मिले। जांच एजेंसी ने इन पैनलों को बंद करा दिया है। कार्रवाई में डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि सट्टेबाजी से जुड़े लेन-देन के लिए दूसरों के नाम पर खोले गए बैंक खातों यानी म्यूल अकाउंट्स और हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था।

ओमान से प्रत्यर्पण के बाद सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार

सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद सीबीआई ने एक नवंबर को गिरफ्तार किया था। रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था। रिमांड की अवधि समाप्त होने पर 12 नवंबर को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पूछताछ में सामने आया पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क

सीबीआई के अनुसार, पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर ने जांचकर्ताओं को महादेव ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के कामकाज और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क के बारे में जानकारी दी। एजेंसी ने उसके बयानों के आधार पर दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल करते हुए कई अहम सवालों पर पूछताछ की है।

जांच एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका खंगाल रही है। इसमें विदेश में मौजूद आरोपी, नेटवर्क को संचालित करने में मदद करने वाले लोग और कथित रूप से जुड़े सरकारी अधिकारी भी जांच के दायरे में हैं। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।

ऐसे काम करता था सट्टेबाजी का कथित नेटवर्क

सीबीआई की अब तक की जांच के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन विदेश में स्थित एक मुख्य कार्यालय के जरिए किया जाता था। भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क ग्राहकों की आईडी संभालता और सट्टेबाजी से जुड़ी गतिविधियां संचालित करता था।

जांच में सामने आया है कि ग्राहकों से प्राप्त रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराई जाती थी, जो कथित तौर पर दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए थे या किराये पर लिए गए थे। इसके बाद सट्टेबाजी से अर्जित रकम का एक हिस्सा हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजे जाने की बात सामने आई है।

दो एफआईआर दर्ज कर चुकी है सीबीआई

छत्तीसगढ़ सरकार से मामला मिलने के बाद सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन बुक के संबंध में दो एफआईआर दर्ज की थीं। अब एजेंसी डिजिटल साक्ष्यों, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है। छह राज्यों में हुई ताजा छापेमारी को इसी जांच की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!