अमित शाह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर, राज्योत्सव का होगा भव्य समापन; महतारियों को मिलेगा दिवाली उपहार, CM साय भी लौटेंगे रायपुर

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का बड़ा दिन है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचेंगे। वे नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की लाखों महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त की सौगात भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी दिल्ली प्रवास के बाद आज रायपुर लौटेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
अमित शाह करेंगे अस्पताल का उद्घाटन, राज्योत्सव में होंगे शामिल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 3 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे एक निजी अस्पताल के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
दिल्ली से आज रायपुर लौटेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार सुबह दिल्ली से रायपुर लौटेंगे। वे सुबह 7:20 बजे इंडिगो की फ्लाइट से रवाना होकर 9:10 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री निवास जाएंगे।
दोपहर 1:55 बजे मुख्यमंत्री निवास से निजी अस्पताल के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:10 से 4:20 बजे तक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम 4:50 बजे नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन पहुंचेंगे। यहां वे शाम 4:55 से 5:10 बजे तक विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन) का लोकार्पण करेंगे।
इसके बाद शाम 5:20 बजे राज्योत्सव मैदान पहुंचकर समापन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद रात 8:15 बजे एयरपोर्ट और 8:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचने का निर्धारित कार्यक्रम है।
महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त, 67.40 लाख महिलाओं को मिलेंगे 632 करोड़ रुपये
दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत आर्थिक सहायता का उपहार मिलने जा रहा है। राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में योजना की 33वीं किस्त की राशि अंतरित करेंगे।
इस किस्त के तहत प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये भेजे जाएंगे। इसके अतिरिक्त नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को योजना की 13वीं किस्त का लाभ मिलेगा।
योजना के तहत अब तक 32 किस्तों में महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। 33वीं किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगा।
राज्योत्सव के समापन पर राज्य अलंकरण, बॉलीवुड गायक अभिजीत देंगे प्रस्तुति
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का मंगलवार को भव्य समापन होगा। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
समापन समारोह में शाम 6 बजे से मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। शाम 6 से 6:30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे पद्मश्री उषा बारले अपनी विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगी।
शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा। इसके बाद रात 9 बजे बॉलीवुड गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
शिल्पग्राम में भी सजेगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की महफिल
राज्योत्सव मैदान के शिल्पग्राम में दोपहर 3 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। यहां पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन और सूफी गायन की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रायपुर की आस्था भट्ट भी भजन गायन से समां बांधेंगी।
राज्योत्सव के अंतिम दिन राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी, राज्य अलंकरण सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और महतारी वंदन योजना की किस्त के बीच नवा रायपुर में उत्सव का माहौल देखने को मिलेगा।



