3 नवंबर को रायपुर आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल

दोपहर 3 बजे पहुंचेगा विमान, निजी अस्पताल का करेंगे उद्घाटन; शाम 6 से रात 8 बजे तक नवा रायपुर में आयोजित समारोह में रहेंगे मौजूद
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह दोपहर 3 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे राजधानी में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
अस्पताल के उद्घाटन के बाद अमित शाह नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल पहुंचेंगे। यहां शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित समापन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम पूरा होने के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आयोजन 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर में किया जा रहा है। तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। समापन समारोह के दौरान राज्य अलंकरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
स्थानीय कलाकारों और लोक नर्तकों को प्राथमिकता
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के अनुसार, राज्योत्सव के सांस्कृतिक मंच पर छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों और लोक नर्तकों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसका उद्देश्य प्रदेश की लोककला और जमीनी स्तर पर काम कर रही प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।
मंत्री ने बताया कि आम जनता और युवाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए देश के तीन चर्चित कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है। तीन दिवसीय आयोजन में स्थानीय लोकसंस्कृति के साथ राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेंगी।



