दिल्ली

‘नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग’, PM मोदी ने वीडियो जारी कर विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- देशहित सर्वोपरि

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक नया वीडियो साझा कर महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है और अब आधी आबादी के सपनों को पूरा करने का समय है।

प्रधानमंत्री ने वीडियो के साथ लिखा, ‘भारत की प्रगति, नारीशक्ति के सपनों की उड़ान।’ वीडियो में उन्होंने कहा कि नारी शक्ति को सशक्त बनाने का भाजपा और एनडीए का संकल्प अटूट है। वे स्वयं भी वर्षों से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं।

मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों के लिए जब दलहित, देशहित से बड़ा हो जाता है, तो इसका खामियाजा नारी शक्ति और देश को भुगतना पड़ता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देशहित सर्वोपरि है और नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है। आधी आबादी के सपनों और देश के भविष्य के लिए इस संकल्प को पूरा करना जरूरी है।

विपक्षी गठबंधन में बैठकों का दौर

इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के भीतर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की बात कही जा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे सहित गठबंधन के अन्य नेताओं की डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात प्रस्तावित है। इसके बाद मुंबई में एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार से मिलने की तैयारी है। बताया गया है कि शरद पवार फिलहाल ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं, ऐसे में उनसे अस्पताल में ही मुलाकात हो सकती है।

डीएमके और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के रुख पर नजर

परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को लेकर डीएमके और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के रुख पर विशेष नजर है। खबर के मुताबिक, शरद पवार की पार्टी के आठ लोकसभा सांसद हैं, जबकि डीएमके के 22 सांसद हैं। दोनों दलों की ओर से विधेयक के समर्थन का ऐलान किए जाने का दावा किया गया है।

इसी बीच, राहुल गांधी की प्रस्तावित मुलाकातों को विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर रणनीति और सहमति बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें गद्दार नहीं, बल्कि वीरों के रूप में याद किया जाएगा और उन्होंने तमिलनाडु के हित में फैसला लिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!