2029 तक मध्य प्रदेश और देश को नशामुक्त बनाने का CM डॉ. मोहन यादव ने लिया संकल्प, ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड के बाद किया आह्वान

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड का रविवार को भोपाल में सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में नशामुक्ति और दिव्यांगजनों की प्रतिभाओं से जुड़े विषयों का उल्लेख करते हुए वर्ष 2029 तक मध्य प्रदेश सहित पूरे देश को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश की सामूहिक चेतना, जनभागीदारी और सकारात्मक विचारों को नई दिशा देने का प्रभावी माध्यम है। नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए सरकार के साथ समाज और परिवारों की भागीदारी भी जरूरी है।
नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का आह्वान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके दुष्परिणामों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में नशे की लत से जूझ रहे लोगों के संघर्ष और उससे बाहर निकलने की सफलता की कहानियां सुनने को मिलीं। इन अनुभवों से स्पष्ट होता है कि नशा व्यक्ति के जीवन के साथ उसके परिवार को भी प्रभावित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्ति के आह्वान के अनुरूप इस दिशा में लगातार काम कर रही है। नशे के खिलाफ लड़ाई को केवल सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
परिवार और समाज भी निभाएं अपनी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके परिवार, रिश्तेदारी या आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है, तो उसे इससे बाहर निकालने के लिए सहयोग करें। उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वर्ष 2029 तक मध्य प्रदेश और देश को सभी प्रकार के मादक पदार्थों और ड्रग्स से मुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित विभाग भी नशामुक्ति के लिए जरूरी सेवाएं और सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रिय हैं।
दिव्यांगजनों की प्रतिभा और सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों के योगदान और उनकी प्रतिभा का उल्लेख करते हुए कहा कि शारीरिक सीमाएं किसी व्यक्ति की प्रतिभा और क्षमता को सीमित नहीं कर सकतीं। उन्होंने दिव्यांगजनों को प्रोत्साहित करते हुए राज्य सरकार की ओर से उनके कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार ने दिव्यांगता की श्रेणियों की संख्या बढ़ाकर 21 करना महत्वपूर्ण कदम माना है। इन श्रेणियों में शामिल दिव्यांगजनों को पेंशन, शिक्षा, विवाह सहायता, खेलकूद और सिविल सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाएं और प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।
जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग को सशक्त बनाने का प्रयास
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं, बेटियों, दिव्यांगजनों और समाज के जरूरतमंद वर्गों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।



