रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ी राजभाषा सप्ताह मनाने सभी कलेक्टरों को निर्देश, स्कूल-कॉलेजों में होंगे भाषा आधारित कार्यक्रम

27 नवंबर से 5 दिसंबर तक होंगे आयोजन, निबंध, वाद-विवाद, लोकगीत और भाषण प्रतियोगिताओं के जरिए बढ़ाया जाएगा मातृभाषा का सम्मान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ी भाषा, स्थानीय बोलियों और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने विशेष पहल की है। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस (28 नवंबर) के अवसर पर प्रदेशभर में 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक ‘छत्तीसगढ़ी महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’ मनाया जाएगा। इसके तहत सभी जिलों के शासकीय स्कूलों और महाविद्यालयों में मातृभाषा आधारित विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ी राजभाषा आयोग द्वारा आयोजित इस सप्ताह का उद्देश्य विद्यार्थियों में छत्तीसगढ़ी भाषा के साथ स्थानीय भाषाओं और बोलियों के प्रति जागरूकता, सम्मान और स्वीकार्यता बढ़ाना है। इसके लिए सभी जिलों में कार्यक्रमों की रूपरेखा निर्धारित की गई है।

इस दिन होंगी अलग-अलग प्रतियोगिताएं

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 नवंबर को मिडिल स्कूलों में छत्तीसगढ़ी अथवा स्थानीय मातृभाषा में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 28 नवंबर को रायपुर में राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह होगा।

30 नवंबर को मिडिल स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता, 1 दिसंबर को हाई स्कूलों में वाद-विवाद और 2 दिसंबर को लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

इसी क्रम में 3 दिसंबर को हायर सेकेंडरी स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता और 4 दिसंबर को भाषण प्रतियोगिता होगी। वहीं, 5 दिसंबर को महाविद्यालय स्तर पर छत्तीसगढ़ी अथवा स्थानीय मातृभाषा में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

पारंपरिक वेशभूषा और लोकसंस्कृति को भी मिलेगा बढ़ावा

सम्मान सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेशभूषा, भाषा, मुहावरों, लोकोक्तियों और लोकसंस्कृति से जोड़ने वाली गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ी के साथ संबंधित क्षेत्रों की स्थानीय मातृभाषाओं और बोलियों को भी स्थान दिया जाएगा।

इस पहल के जरिए नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने के साथ छत्तीसगढ़ की भाषाई विविधता को संरक्षित और प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!