संविधान दिवस पर पीएम मोदी का कांग्रेस पर निशाना, बोले- युवाओं को पढ़ने चाहिए 38वें और 39वें संशोधन

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लेख के जरिए भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने संविधान को देश के नागरिकों के अधिकारों, समान अवसरों और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया। अपने लेख में प्रधानमंत्री ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और युवाओं, खासकर जेन-जी से संविधान के इतिहास को गंभीरता से पढ़ने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने संविधान दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं की ओर से देश को दिया गया यह अमूल्य उपहार भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।
संविधान दिवस मनाने के पीछे बताई यह वजह
पीएम मोदी ने अपने लेख में लिखा कि भारत का संविधान आधुनिक व्यवस्था के साथ देश की समृद्ध परंपराओं और सभ्यतागत मूल्यों की समझ को भी समाहित करता है। सरकार की कोशिश रही है कि खासकर युवाओं के बीच संविधान के प्रति जुड़ाव और मजबूत हो तथा देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए एकता की भावना विकसित हो।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से उनकी सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया, ताकि देशवासी संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया और इसके महत्व को याद रख सकें।
पीएम मोदी बोले- संविधान ने मुझे प्रधानमंत्री बनाया
प्रधानमंत्री ने अपने व्यक्तिगत जीवन का उल्लेख करते हुए संविधान के महत्व को समझाया। उन्होंने लिखा कि सामान्य आर्थिक परिस्थितियों वाले परिवार में जन्म लेने और बचपन में कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद उन्हें दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि यह भारतीय संविधान की ताकत है, जो किसी व्यक्ति के जन्म की परिस्थितियों को उसके भविष्य की सीमा नहीं बनने देता। संविधान प्रत्येक नागरिक को आगे बढ़ने और देश की सेवा करने का समान अवसर प्रदान करता है।
38वें और 39वें संविधान संशोधन पढ़ने की युवाओं से अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से विशेष रूप से 38वें और 39वें संविधान संशोधन का अध्ययन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि सत्ता की लालसा में कोई नेता किस तरह संवैधानिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनी हुई राज्य सरकारों को हटाने के लिए अनुच्छेद 356 का बार-बार दुरुपयोग किया गया। प्रधानमंत्री के अनुसार, एक राजनीतिक दल के नाम इस अनुच्छेद के लगभग 100 बार इस्तेमाल का रिकॉर्ड है, जबकि एक पूर्व प्रधानमंत्री ने अकेले ही इसका कई बार इस्तेमाल किया।
अनुच्छेद 370 और 35ए का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान निर्माताओं की अपेक्षा थी कि भारतीय संविधान पूरे देश में समान रूप से लागू हो। लेकिन सात दशक से अधिक समय तक अनुच्छेद 370 और 35ए के कारण जम्मू-कश्मीर में संविधान के सभी प्रावधान पूरी तरह लागू नहीं हो पाए।
उन्होंने दावा किया कि इससे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के अधिकार प्रभावित हुए।
प्रधानमंत्री के लेख का प्रमुख संदेश यही रहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र, समानता, सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक के सम्मान की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से संविधान के इतिहास, उसके प्रावधानों और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।



