वनांचल के 56 गांवों को स्वास्थ्य सुविधा, 730 किसानों को बाजार; धनोरा में साय ने दी 132.69 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

कोंडागांव ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचल में विकास को गति देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ी पहल की है। कोंडागांव जिले के ग्राम धनोरा में मुख्यमंत्री ने 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 2.50 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इससे आसपास के 56 गांवों के करीब 56 हजार ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों की परंपरागत उपज को बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का भी शुभारंभ किया। इस पहल से चार गांवों के लगभग 730 किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, धान के संग्रहण से लेकर प्रसंस्करण और विपणन तक की जिम्मेदारी बिहान से जुड़ी महिला कृषक कंपनी को सौंपी गई है, जिससे ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विकास का लाभ अंतिम छोर पर बसे गांवों और वहां रहने वाले प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना है। दूरस्थ वनांचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना और महिलाओं को आजीविका के अवसर प्रदान करना सरकार के प्रमुख लक्ष्य हैं।
56 गांवों के 56 हजार ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
मुख्यमंत्री ने धनोरा में 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस केंद्र से धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
अब क्षेत्र के लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अब तक इस दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता था। इससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। नए स्वास्थ्य केंद्र से स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ से 730 किसानों की उपज को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ कर वनांचल के किसानों को उनकी परंपरागत उपज का बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की पहल की। इसके तहत ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के लगभग 730 किसानों द्वारा उत्पादित धान को संगठित बाजार से जोड़ा जाएगा।
इन गांवों के किसान लंबे समय से प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों के आधार पर धान की खेती करते आ रहे हैं। उनकी उपज की अपनी विशिष्टता है, लेकिन बाजार तक सीमित पहुंच के कारण उन्हें अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पाता था।
अब जिला प्रशासन की पहल पर किसानों के धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय उत्पाद को नई पहचान मिलने के साथ किसानों को बेहतर कीमत मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही बिचौलियों पर निर्भरता कम करने और उपज का मूल्य संवर्धन करने में भी मदद मिलेगी।
धान के कारोबार से जुड़ेंगी बिहान की दीदियां, संभालेंगी विपणन की जिम्मेदारी
इस परियोजना की खास बात यह है कि किसानों के साथ ग्रामीण महिलाओं को भी आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का अवसर मिलेगा। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिहान से जुड़ी स्वसहायता समूहों की महिलाएं इस पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इससे उन्हें कृषि आधारित उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के जरिए एक ओर किसानों की मेहनत को बाजार में पहचान मिलेगी, वहीं दूसरी ओर महिला समूहों को उत्पादन और विपणन से जुड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने का अवसर मिलेगा।
84 गांवों के आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर मांगी खुशहाली
धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन और पूजन किए। उन्होंने आदिवासी समाज की पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं और रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
पेन खण्डा मुदिया बस्तर अंचल के आदिवासी समाज की गहरी आस्था और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। कोनगुड़ परगना के अंतर्गत आने वाले 84 गांवों के ग्रामीण उन्हें अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार उन्हें ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में भी श्रद्धा और सम्मान दिया जाता है।
पेन खण्डा मुदिया के प्रति आदिवासी समाज की आस्था पीढ़ियों से चली आ रही है। मरई परिवार उनके पारंपरिक सेवक हैं और क्षेत्र की बारा बानी बिरादरी के सदस्य सेवा-अर्जी में श्रद्धा के साथ शामिल होते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने आदिवासी समाज की धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन सामूहिक जिम्मेदारी है।
पारंपरिक साफा बांधकर आदिवासी समाज ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के सिर पर पारंपरिक साफा बांधकर सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और अतिथि सत्कार की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, बस्तर आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



