मध्यप्रदेश

धार और आलीराजपुर के 126 गांवों तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी, 1,353 करोड़ की डही माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना का लोकार्पण

धार ( शिखर दर्शन ) // जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश को सिंचाई के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 15 नवंबर को धार जिले के डही में 1,353.18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन परियोजना का लोकार्पण किया। इस परियोजना से धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को नर्मदा नदी का पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना से करीब एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा विकसित होने की बात कही गई है, जिससे क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी तथा जनजातीय समाज के उत्थान से संबंधित योजनाओं के स्टॉल का अवलोकन किया। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। जनजातीय विकास और उत्थान के लिए समर्पण भाव से कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कुंवर विजय शाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जनजातीय नायकों की विरासत को राष्ट्रीय पहचान मिलने का उल्लेख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि भारत का इतिहास जनजातीय नायकों के शौर्य, बलिदान और संघर्ष की गौरवशाली गाथाओं से भरा हुआ है। राधोजी भांगरे, भागोजी नाइक और वीर बाबूराव सेडमा जैसे वीरों की गाथाएं हमारी धरती से जुड़ी हैं। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी जनजातीय नायकों को नमन किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई थी और आज यह राष्ट्रीय उत्सव का स्वरूप ले चुका है। पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देशभर में दो लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। उन्होंने कहा कि पहले देश में कई कार्यक्रम और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण से प्रभावित होकर आयोजित होते थे, लेकिन अब राष्ट्रीय गौरव और अपनी विरासत को केंद्र में रखकर आयोजन किए जा रहे हैं। यह देश में आए बड़े बदलाव का प्रतीक है।

जनजातीय बलिदानियों ने स्वतंत्रता संग्राम को दी नई दिशा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के आंदोलन में छोटानागपुर का कोल विद्रोह और संथाल क्रांति जैसे आंदोलनों के माध्यम से जनजातीय समुदाय ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आवाज बुलंद की। क्रांतिसूर्य टंट्या भील, रानी गाइदीनल्यू, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी दुर्गावती जैसे महान व्यक्तित्वों ने अपने संघर्ष और बलिदान से देश को प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने युवा अवस्था में ही जिस साहस के साथ आंदोलन का नेतृत्व किया, वह आज भी करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में जनजातीय क्षेत्रों से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया है। इनमें जनजातीय संग्रहालयों और शिक्षा सहित विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं पर कुल मिलाकर करीब 30 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई है।

जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए एक लाख करोड़ का प्रावधान

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। नक्सलवाद और माओवादी आतंक से प्रभावित क्षेत्रों में भी बदलाव आया है। इन उपलब्धियों का सीधा लाभ जनजातीय समाज को मिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जनजातीय समुदाय के कल्याण और पिछड़े क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी है।

पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए केंद्र सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये का बजट रखा है। प्रधानमंत्री ने बताया कि गरीब परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक आवास बनाए गए हैं और देश के उन 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई गई है, जहां आजादी के बाद भी बिजली की सुविधा नहीं थी।

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा मिल रही है। देशभर में एक लाख 75 हजार से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। स्वच्छता, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से भी जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को कम करने में मदद मिली है।

गरीबों और वंचितों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना के माध्यम से बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने से गरीबों और जनजातीय समाज के लोगों में आत्मविश्वास बढ़ा है। देश के 100 से अधिक आकांक्षी जिलों और 500 से अधिक आकांक्षी विकासखंडों में विकास, बुनियादी सुविधाओं और नागरिक अधिकारों को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पीएम कृषि धन-धान्य योजना के माध्यम से खेती के क्षेत्र में पिछड़े 100 जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि गरीब परिवारों और जनजातीय समुदाय को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलें। सबका साथ, सबका विकास के मंत्र ने गरीबों में नया विश्वास पैदा किया है और करोड़ों लोगों ने अपनी मेहनत से गरीबी को पीछे छोड़ने का काम किया है।

नर्मदा का पानी पहुंचने से खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा सहारा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि आज ऐसा लग रहा है जैसे होली और दीपावली सहित सभी त्योहारों की खुशियां एक साथ मिल गई हों। बटन दबाते ही मां नर्मदा का आशीर्वाद इस क्षेत्र तक पहुंच गया।

मुख्यमंत्री ने रहीम के दोहे ‘रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून’ का उल्लेख करते हुए कहा कि पानी के बिना खेती अधूरी है। सिंचाई की सुविधा नहीं होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को विकास योजनाओं का लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि डही परियोजना के माध्यम से 58 किलोमीटर दूर तक नर्मदा का पानी पहुंचाया जाएगा। इसके पहले सरदारपुर क्षेत्र में भी करीब चार हजार करोड़ रुपये की पाइपलाइन परियोजना का लोकार्पण किया गया था।

पीएम मित्र पार्क से कपास उत्पादक किसानों और युवाओं को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष अपना जन्मदिन धार में मनाया था। उन्होंने पीएम मित्र पार्क की सौगात के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे निमाड़-मालवा क्षेत्र के करीब छह लाख कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। इस परियोजना से धार जिले में रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। उन्होंने इससे करीब तीन लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनजातीय समाज के नायकों और उनके गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार बनने के बाद खरगोन में टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किया गया और भगोरिया पर्व को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का विकास और उनके महापुरुषों को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!