रायपुर संभाग

21 क्विंटल धान की अंतर राशि अब हर साल मिलेगी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय गौरव दिवस पर किया बड़ा ऐलान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी के आधार पर मिलने वाली अंतर राशि का लाभ केवल चालू वर्ष तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले वर्षों में भी किसानों को यह राशि मिलती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान के आधार पर अंतर राशि देने की व्यवस्था को आगे भी जारी रखा जाएगा। इस घोषणा से प्रदेश के किसानों को आने वाले वर्षों में भी आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना से 6,691 गांव लाभान्वित

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ देश के विकास के लिए काम कर रही है। इसी दिशा में धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना शुरू की गई है। छत्तीसगढ़ के 6,691 गांव इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों पहाड़ी कोरवा, बिरहोर, कमार, बैगा और अबूझमाड़िया समुदाय के विकास के लिए पहले अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से इन समुदायों के जीवन में बदलाव लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इनकी बस्तियों तक सड़कें पहुंच रही हैं, प्रधानमंत्री आवास बन रहे हैं तथा बिजली, पानी और राशन कार्ड जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जनजातीय समाज को मिला सर्वोच्च संवैधानिक और राजनीतिक सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति के रूप में जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू आसीन हैं। वहीं छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी जनजातीय समाज से आने वाले व्यक्तियों को मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

आजादी की लड़ाई में जनजातीय वीरों का योगदान अविस्मरणीय

मुख्यमंत्री साय ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में जनजातीय महापुरुषों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। वर्ष 1857 से पहले ही जनजातीय वीरों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष शुरू कर दिया था। शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह जैसे महान योद्धाओं सहित जनजातीय समाज के 14 महापुरुषों ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया।

उन्होंने बताया कि नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय में इन 14 जनजातीय विद्रोहों को चित्रित किया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित हो सकें।

25 वर्ष की आयु में देश के लिए शहीद हुए भगवान बिरसा मुंडा

मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने महज 25 वर्ष की उम्र में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। तीर-धनुष के सहारे अंग्रेजों की ताकत को चुनौती देने वाले बिरसा मुंडा ने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और अस्मिता की रक्षा के लिए आंदोलन चलाया। अंग्रेजों द्वारा जनजातीय समाज की संस्कृति पर किए जा रहे हमलों और धर्मांतरण के विरोध में उन्होंने संघर्ष किया और अंततः देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। छत्तीसगढ़ में भी राज्य सरकार के गठन के बाद से इस दिवस को भव्य स्तर पर मनाया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!