अन्तर्राष्ट्रीय

पन्नू हत्याकांड: सजा से पहले निखिल गुप्ता ने अमेरिकी जज को लिखा भावुक पत्र, कहा- शराब के नशे में खो दिया था मानसिक संतुलन

परिवार को हुई परेशानी पर जताया अफसोस, बोला- काश 2023 में लौटकर अपनी गलतियां सुधार पाता; 20 नवंबर को अदालत सुनाएगी सजा

अमेरिका // खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश के मामले में आरोपी निखिल गुप्ता ने सजा सुनाए जाने से पहले अमेरिकी अदालत के न्यायाधीश को एक भावुक पत्र लिखा है। इस पत्र में उसने अपनी गलतियों पर पछतावा जताते हुए दावा किया है कि घटना के समय वह मानसिक रूप से परेशान था और शराब के सेवन के कारण उसका विवेक प्रभावित हो गया था। उसने यह भी दावा किया कि पन्नू की हत्या की साजिश में उसकी भूमिका अकेले की थी। निखिल गुप्ता के इस पत्र के बाद मामले की सुनवाई और आगामी सजा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

‘काश 2023 में लौटकर अपनी गलतियां सुधार पाता’

निखिल गुप्ता ने अमेरिकी जिला न्यायाधीश विक्टर मारेरो को लिखे पत्र में अपने पछतावे का जिक्र करते हुए कहा, “मैंने अपना मानसिक संतुलन खो दिया था। काश मैं समय को पीछे ले जाकर 2023 में पहुंच पाता और अपनी गलतियों को सुधार पाता।”

उसने अपने परिवार को हुई परेशानी और मानसिक पीड़ा के लिए भी दुख जताया। गुप्ता के मुताबिक, गिरफ्तारी के शुरुआती दिनों में वह गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहा था। इस दौरान उसके मन में आत्महत्या तक के विचार आने लगे थे।

पत्नी, बच्चों और मां की चिंता ने जेल में भी किया परेशान

पत्र में निखिल गुप्ता ने अपनी पत्नी, बच्चों, मां और परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर चिंता जाहिर की है। उसने बताया कि हिरासत के दौरान उसे लगातार इस बात का दुख सताता रहा कि उसकी वजह से परिवार को कितनी मानसिक और भावनात्मक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उसने अपने घर में मौजूद दो बिल्लियों का भी विशेष रूप से जिक्र किया।

गुप्ता ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद उसकी सबसे बड़ी चिंता परिवार को यह बताने की थी कि वह जीवित है और किन परिस्थितियों से गुजर रहा है। हालांकि, जेल में लगी पाबंदियों के चलते वह कई सप्ताह तक अपने परिजनों से संपर्क नहीं कर सका।

चेक गणराज्य की जेल में एकांत कारावास का किया जिक्र

निखिल गुप्ता ने अपने पत्र में जेल में बिताए समय और वहां की परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। उसने दावा किया कि चेक गणराज्य में हिरासत के दौरान उसे एकांत कारावास में रखा गया था। इसके बाद उसे अमेरिका के ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में स्थानांतरित कर दिया गया।

उसके मुताबिक, जेल में अकेलेपन और हिंसा की आशंका के बीच मानसिक शांति बनाए रखने के लिए उसने योग, ध्यान और आध्यात्मिक पुस्तकों का सहारा लिया।

20 नवंबर को सुनाई जाएगी सजा, पन्नू को भी पक्ष रखने का अवसर देने की मांग

इस मामले में निखिल गुप्ता को 20 नवंबर को सजा सुनाई जानी है। सजा सुनाए जाने से पहले अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने अदालत से अनुरोध किया है कि कथित साजिश के निशाने पर रहे गुरपतवंत सिंह पन्नू को सुनवाई के दौरान 20 मिनट तक अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए।

अपने पत्र के अंत में निखिल गुप्ता ने कहा है कि अदालत जो भी फैसला सुनाएगी, वह उसे स्वीकार करेगा। अब 20 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं, जहां अदालत उसके मामले में सजा का निर्धारण करेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!