दूषित पेयजल का खतरा, नलों के पानी में दूसरी बार मिला ई-कोलाई बैक्टीरिया; 7 लाख लोगों की सुरक्षा पर सवाल

वैशाली नगर में 16 दिन के भीतर दो बार निजी लैब की जांच में हुई बैक्टीरिया की पुष्टि, 200 परिवारों ने बंद किया नल का पानी पीना
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पेयजल व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता सामने आई है। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद अब भोपाल के वैशाली नगर में भी पेयजल की शुद्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां नलों से सप्लाई होने वाले पानी की निजी लैब में कराई गई जांच के दौरान महज 16 दिनों के भीतर दूसरी बार खतरनाक ई-कोलाई (E. coli) बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। चिंताजनक पहलू यह है कि जिस पेयजल नेटवर्क से वैशाली नगर में पानी की आपूर्ति की जाती है, उसी नेटवर्क से राजधानी के करीब 7 लाख लोगों तक पेयजल पहुंचता है। ऐसे में पानी की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों ने नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
दो जांच रिपोर्ट में सामने आई बैक्टीरिया की मौजूदगी, शून्य की जगह मिला 680 MPN
स्थानीय निवासी विवेक राय ने नगर निगम की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट होकर अपने स्तर पर पेयजल के नमूनों की निजी लैब से जांच कराई। जांच रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आए, वे चिंताजनक हैं।
पहली जांच रिपोर्ट (28 अक्टूबर): रिपोर्ट के मुताबिक, 100 मिलीलीटर पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया की मात्रा 680 MPN दर्ज की गई, जबकि पीने योग्य पानी में इसकी मौजूदगी शून्य होनी चाहिए। इसके अलावा पानी का मटमैलापन (टर्बिडिटी) भी निर्धारित सीमा 5 के मुकाबले 5.9 पाया गया।
दूसरी जांच रिपोर्ट (13 नवंबर): 12 नवंबर को दोबारा पानी का नमूना लेकर जांच कराई गई। 13 नवंबर को प्राप्त रिपोर्ट में एक बार फिर 100 मिलीलीटर पानी में 350 MPN ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि हुई।
इस तरह महज 16 दिनों के अंतराल में हुई दो अलग-अलग जांच में दूषित पानी की स्थिति सामने आने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
उल्टी-दस्त से बीमार हो रहे लोग, 200 परिवारों ने छोड़ा नल का पानी
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले डेढ़ साल से गंदे और बदबूदार पानी की समस्या बनी हुई है। दूषित पानी के सेवन के बाद कई लोग उल्टी-दस्त की शिकायत से परेशान होकर नर्सिंग होम में भर्ती तक हो चुके हैं। लगातार बनी इस समस्या और जांच रिपोर्ट में बैक्टीरिया मिलने के बाद इलाके के करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना पूरी तरह बंद कर दिया है। अब ये परिवार अपनी जरूरतों के लिए बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं।
11 जगह सड़क खोदने के बाद भी नहीं मिला समाधान
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन के ठीक पास से सीवेज लाइन गुजरती है। आशंका जताई जा रही है कि बापू नगर के चैंबर से गंदगी पेयजल पाइपलाइन में मिल रही है। रहवासियों का कहना है कि गटर की सफाई कराने के बाद पानी की स्थिति महज दो दिन तक सुधरती है, लेकिन इसके बाद फिर वही समस्या शुरू हो जाती है।
पाइपलाइन में लीकेज का पता लगाने के लिए नगर निगम द्वारा 11 अलग-अलग स्थानों पर सड़क की खुदाई भी कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
वहीं नगर निगम का दावा है कि प्रतिदिन 100 से अधिक पानी के नमूनों की जांच की जाती है। 2 और 3 नवंबर को भी क्षेत्र के तीन घरों से पानी के नमूने लिए गए थे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब निजी लैब की जांच में दो बार ई-कोलाई बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आ चुकी है, तो निगम की जांच में इसकी पुष्टि क्यों नहीं हो पाई?
निगम अध्यक्ष ने दी सफाई, कांग्रेस ने दी घेराव की चेतावनी
मामले को लेकर नगर निगम में सत्ता पक्ष और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। नगर निगम अध्यक्ष एवं संबंधित वार्ड के पार्षद किशन सूर्यवंशी ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि निगम द्वारा लगातार कराई जा रही सैंपलिंग में कहीं भी दूषित पानी की पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में निगम की टीम और अधिकारियों से चर्चा की गई है। शिकायतकर्ता परिवार से भी बातचीत हुई है। परिवार की ओर से बताया गया कि पहले समस्या थी, लेकिन फिलहाल स्थिति ठीक है। हालांकि, एहतियात के तौर पर संबंधित अधिकारियों को लगातार सैंपलिंग करने और जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने निगम प्रशासन को घेरा
दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस मामले को लेकर नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने निगम की जांच व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि 100 से अधिक जांच करने के बाद भी निगम दूषित पानी में मौजूद बैक्टीरिया का पता नहीं लगा पा रहा है, तो ऐसी जांच व्यवस्था का क्या औचित्य है?
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम का ध्यान गरीबों की झोपड़ियां, दुकानें और ठेले हटाने तथा अधिक टैक्स वसूलने पर केंद्रित है, जबकि आम नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने जैसे बुनियादी मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
पीसी शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो वैशाली नगर और पूरा भोपाल इंदौर के भागीरथपुरा जैसी स्थिति की चपेट में आ सकता है। कांग्रेस ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही नगर निगम परिषद की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने और समस्या का समाधान नहीं होने पर नगर निगम का घेराव करने की चेतावनी भी दी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब निजी लैब की दो जांच रिपोर्ट में दूषित पानी की पुष्टि हो चुकी है, तो नगर निगम प्रशासन इसकी जड़ तक पहुंचने के लिए ठोस कदम कब उठाएगा? करीब 7 लाख लोगों तक पानी पहुंचाने वाले नेटवर्क की वास्तविक स्थिति की जांच और पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित करना अब प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।



