बिलासपुर संभाग

केंदा घाट में कंटेनर पलटने से बिलासपुर-पेण्ड्रा मार्ग ठप, दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार

जर्जर सड़क और अधूरे नेशनल हाईवे निर्माण से बढ़ रही परेशानी, तीन साल से जारी काम अब तक पूरा नहीं

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले बिलासपुर-पेण्ड्रा मुख्य मार्ग पर एक बार फिर आवागमन बाधित हो गया है। केंदा घाट में एक भारी-भरकम कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। घटना के बाद सड़क के दोनों ओर मालवाहक और भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय वाहन चालकों और राहगीरों के मुताबिक, केंदा घाट की सड़क पहले से ही जर्जर हालत में है। जगह-जगह बने गड्ढे और घाटी के घुमावदार मोड़ व ढलान इस मार्ग पर सफर को जोखिमभरा बना रहे हैं। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान दुर्घटना और जाम की आशंका लगातार बनी रहती है।

तीन साल से जारी नेशनल हाईवे का निर्माण अब तक अधूरा

इस मार्ग पर बार-बार जाम और दुर्घटनाओं की समस्या के पीछे बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य में हो रही देरी को भी प्रमुख वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर पिछले करीब तीन वर्षों से निर्माण कार्य जारी है, लेकिन निर्धारित समय-सीमा के बावजूद काम पूरा नहीं हो सका है।

निर्माण एजेंसी की धीमी कार्यप्रणाली के कारण केंदा घाट में आए दिन वाहनों के खराब होने और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती रहती है। इसका खामियाजा आम यात्रियों और वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है।

जाम में फंसे लोगों ने प्रशासन से तत्काल क्रेन भेजकर सड़क पर गिरे कंटेनर को हटवाने और यातायात बहाल कराने की मांग की है। साथ ही नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य में तेजी लाने की अपील की है, ताकि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर बार-बार लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं से लोगों को राहत मिल सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!