महाकाल मंदिर में VIP मेहमाननवाजी का वीडियो वायरल, विधायक पुत्र ने प्रतिबंधित क्षेत्र में बनाई रील; 3 सुरक्षाकर्मी सस्पेंड

मोबाइल प्रतिबंध के बावजूद चांदी द्वार तक होती रही वीडियोग्राफी, सुरक्षा एजेंसी पर मंदिर समिति ने लगाया 5 लाख रुपये का जुर्माना
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल से रील बनाना भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली कोर कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि ड्यूटी पर तैनात तीन सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
करीब एक सप्ताह पुराना वीडियो अब हुआ वायरल
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद रुद्राक्ष शुक्ला ने मंदिर के भीतर मोबाइल से रील बनाई। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर प्रबंधन के संज्ञान में आया।
नीलकंठ द्वार से चांदी द्वार तक बनाई रील
वायरल वीडियो में रुद्राक्ष शुक्ला मंदिर के नीलकंठ द्वार से प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। उनके पहुंचते ही गेट पर ई-कार्ट पहुंचती है, जिसके बाद वे मंदिर के अंदर आगे बढ़ते हुए मोबाइल से लगातार वीडियो रिकॉर्ड करते नजर आते हैं। यह सिलसिला चांदी द्वार तक जारी रहता है।
सुरक्षाकर्मी रोकने के बजाय करते रहे अगवानी
मामले को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल से रिकॉर्डिंग के दौरान सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकते नजर नहीं आए। इसके उलट वे प्रोटोकॉल के तहत उनकी अगवानी करते और दर्शन की व्यवस्था करते दिखाई दिए। वायरल वीडियो में चांदी द्वार पर पूजा, अभिषेक और आरती के दौरान भी मोबाइल से रिकॉर्डिंग किए जाने की बात सामने आई है।
वीडियो सामने आने के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है। सुरक्षा एजेंसी पर आर्थिक दंड लगाने के साथ तीन कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इस घटनाक्रम ने मंदिर में मोबाइल प्रतिबंध और VIP व्यवस्था के पालन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



