स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, हाथ और चुन्नी खींचने का आरोप; 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

मां की शिकायत पर सकरी पुलिस ने की कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज; न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // जिले के सकरी थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा की मां की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्रा का हाथ पकड़कर खींचने, चुन्नी खींचने और अश्लील बातें करने का आरोप है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 7 एवं 8 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
स्कूल जाते समय रास्ते में रोककर की छेड़छाड़
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 1 नवंबर को सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि गांव का रहने वाला युवक उसकी नाबालिग बेटी के स्कूल आने-जाने के दौरान आए दिन परेशान करता था। आरोप है कि वह कभी छात्रा का हाथ पकड़कर खींचता तो कभी उसकी चुन्नी खींचकर अश्लील और आपत्तिजनक बातें करता था।
महिला ने बताया कि आरोपी पड़ोस में रहने वाला था, इसलिए शुरुआत में उसने इस मामले को नजरअंदाज किया। लेकिन 30 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे जब छात्रा स्कूल जा रही थी, तभी उस्लापुर जय स्तंभ के पास आरोपी ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि उसने छात्रा का हाथ और चुन्नी पकड़कर खींचा तथा उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने की गिरफ्तारी
नाबालिग से जुड़े मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय ध्रुव (20 वर्ष), पिता प्रकाश ध्रुव, निवासी काटीखार, उस्लापुर, थाना सकरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की अपील: नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को गंभीरता से लें। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



