बिलासपुर संभाग

असफलता से घबराएं नहीं, गलतियों से सीखकर आगे बढ़ें युवा : राज्यपाल रमेन डेका

पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय का सप्तम दीक्षांत समारोह संपन्न, पांच वर्षों में 24,800 विद्यार्थियों को मिलीं उपाधियां; राज्यपाल ने कहा- अपनी प्रतिभा पर रखें विश्वास

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं को आत्मविश्वास, निरंतर प्रयास और अपनी विशिष्ट प्रतिभा के बल पर जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उसके कारणों को समझना चाहिए और अपनी गलतियों से सीख लेकर दोबारा प्रयास करना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी होना चाहिए।

राज्यपाल रमेन डेका मंगलवार को पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़, बिलासपुर के सप्तम दीक्षांत समारोह को अध्यक्षीय आसंदी से संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पिछले पांच वर्षों के दौरान कुल 24 हजार 800 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं।

अपनी विशिष्ट प्रतिभा पर रखें भरोसा

राज्यपाल ने उपाधि और पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियों के पीछे अभिभावकों, गुरुजनों और शिक्षण संस्थानों का महत्वपूर्ण योगदान है। दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन में नई ऊर्जा और जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय दूरस्थ क्षेत्रों तक ज्ञान पहुंचाने और शिक्षा के अवसरों का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इंटरनेट और डिजिटल तकनीक ने ज्ञान तक पहुंच आसान बना दी है। युवाओं को इन साधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए अपनी विचारशक्ति और रचनात्मक क्षमता विकसित करनी चाहिए।

डेका ने कहा कि आज रोजगार और आजीविका के अनेक नए अवसर उपलब्ध हैं। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर पूरी मेहनत से आगे बढ़ना चाहिए। दूसरों की नकल करने या उनसे अपनी तुलना करने के बजाय अपनी विशिष्टता पर विश्वास रखना जरूरी है। जीवन में अपना स्थान स्वयं बनाना पड़ता है।

उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों पर अपनी अपेक्षाएं थोपने के बजाय उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने में सहयोग करें।

डिजिटल उपकरणों का सीमित और सार्थक उपयोग करें

राज्यपाल ने जीवन में आंतरिक संतुष्टि, संतुलन और परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से बचने और अपने समय का सार्थक कार्यों में इस्तेमाल करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने जैसे छोटे-छोटे प्रयासों से समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है। जीवन में ऐसा कार्य अवश्य करना चाहिए, जिसका उद्देश्य केवल लेन-देन या व्यक्तिगत लाभ नहीं, बल्कि सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन हो।

अरुण साव बोले- समाज के उत्थान में लगाएं अपने ज्ञान और कौशल

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उपाधि एवं पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के उत्थान में करें। स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक पंडित सुंदरलाल शर्मा के नाम पर स्थापित यह विश्वविद्यालय उन लोगों के सपनों को साकार कर रहा है, जो नौकरी, कामकाज अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण नियमित रूप से अध्ययन नहीं कर पाते।

उन्होंने विश्वविद्यालय को नैक की ‘ए प्लस’ ग्रेडिंग मिलने पर बधाई दी। साथ ही कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को आगे बढ़ाने और शिक्षा की पहुंच अधिक से अधिक लोगों तक सुनिश्चित करने में विश्वविद्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

वेबसाइट का लोकार्पण, स्मारिका ‘अभ्युदय’ का विमोचन

समारोह में विश्वविद्यालय की उन्नत आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही स्मारिका ‘अभ्युदय’ का विमोचन भी हुआ। सामाजिक सरोकारों के तहत विश्वविद्यालय की ओर से एकलव्य विद्यालय देवपहरी के 311 विद्यार्थियों को बैग, स्वेटर, टिफिन और पानी की बोतलें वितरित की गईं।

कार्यक्रम में हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा ने दीक्षांत भाषण दिया, जबकि नेक अध्यक्ष नागेश्वर राव ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।

कई जनप्रतिनिधि और शिक्षाविद रहे मौजूद

विश्वविद्यालय के कुलपति वीरेंद्र कुमार सारस्वत ने स्वागत उद्बोधन में संस्थान की उपलब्धियों और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक एवं सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, विश्वविद्यालय के विभिन्न अधिकारी, कार्य परिषद के सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, प्राध्यापकगण, विद्यार्थी, अभिभावक और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!