छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में उमड़ा जनसैलाब, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर मीना बाजार और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों तक हर तरफ उत्साह

शिल्पग्राम, खाना खजाना और विभागीय स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र, परिवारों के साथ बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में उत्साह और उल्लास का माहौल है। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान राज्योत्सव परिसर में लोगों की रौनक देखते ही बन रही है। मुख्य मंच पर हो रही रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं, वहीं शिल्पग्राम, मीना बाजार और खाना खजाना जोन में भी खूब चहल-पहल है। परिवारों, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार हुआ मुख्य मंच
राज्योत्सव के मुख्य मंच पर कलाकारों द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। संगीत, नृत्य और लोककलाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिल रही है। मुख्य मंच के सामने बनाए गए दूसरे मंच पर स्थानीय कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियां भी दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं।
वहीं शिल्पग्राम की आकर्षक सजावट और वहां प्रदर्शित पारंपरिक उत्पाद लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। परिसर में बनाए गए सेल्फी सेंटर भी खास आकर्षण बने हुए हैं। लोग परिवार और दोस्तों के साथ तस्वीरें लेकर इन यादगार पलों को कैमरे में कैद कर रहे हैं।
खाना खजाना जोन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की बहार
राज्योत्सव का खाना खजाना जोन भी लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। यहां किफायती कीमतों पर अलग-अलग तरह के व्यंजनों का स्वाद लेने की व्यवस्था है। छत्तीसगढ़ी खानपान के शौकीनों के लिए फरा, चीला, चौसेला, मुंगौड़ी बड़ा और साबूदाना बड़ा जैसे पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध हैं। इसके अलावा फास्ट फूड और अन्य नाश्ते के विकल्प भी मौजूद हैं।
खाने-पीने के स्टॉल पर स्वच्छता और साफ-सफाई का ध्यान रखा जा रहा है। परिवार के साथ पहुंचे लोग छत्तीसगढ़ी पकवानों के स्वाद का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
मीना बाजार में मनोरंजन की धूम
मीना बाजार में भी लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। यहां मनोरंजन के लिए विभिन्न आकर्षण और गतिविधियां उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्य मंच पर कार्यक्रम शुरू होने से पहले भी बड़ी संख्या में लोग मीना बाजार पहुंचकर मनोरंजन का आनंद ले रहे हैं। बच्चों और युवाओं में यहां विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।
विभागीय स्टॉल में दिख रही योजनाओं और उपलब्धियों की झलक
राज्योत्सव परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय गतिविधियों, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी आकर्षक तरीके से प्रस्तुत की जा रही है। कहीं आधुनिक तकनीक और नए प्रयोगों का प्रदर्शन हो रहा है, तो कहीं सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों को सरल भाषा में दी जा रही है।
आयोजन में खनिज संसाधन, खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, जनसंपर्क, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन, आवास एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं पर्यटन, श्रम, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, ऊर्जा, सहकारिता, स्वास्थ्य और खाद्य विभाग सहित अनेक विभागों ने अपने स्टॉल लगाए हैं।
इसके अलावा चिप्स, बालको, एसईसीएल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, एनटीपीसी, बीएसएनएल, भिलाई स्टील प्लांट, जिंदल स्टील और एनएमडीसी सहित विभिन्न संस्थानों ने भी अपने स्टॉल के माध्यम से गतिविधियों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया है।
एक ही परिसर में संस्कृति, खानपान और विकास की झलक
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की परंपराओं, कला, शिल्प, खानपान, मनोरंजन और विकास की उपलब्धियों को एक साथ प्रस्तुत करने का बड़ा मंच बनकर उभरा है। यही वजह है कि राज्योत्सव परिसर में सुबह से शाम तक लोगों की आवाजाही बनी हुई है और हर आयु वर्ग के लोग इस आयोजन का आनंद ले रहे हैं।



