रायपुर संभाग

जुए और कर्ज में डूबे साले ने जीजा के घर ही कर दी 37 लाख की चोरी, 25 तोला सोना बरामद; CCTV से खुला राज

कृषि विभाग के अधिकारी का सूना मकान बनाया निशाना, दीवार फांदकर घर में घुसा था आरोपी; टिकरापारा पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। जुए की लत और कर्ज के बोझ में डूबे एक युवक ने अपने ही सगे जीजा के सूने मकान को निशाना बना लिया। आरोपी ने घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। मामले की जांच के बाद रायपुर पुलिस ने आरोपी साले को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये का सामान बरामद किया है, जिसमें 25 तोला सोने के जेवर भी शामिल हैं।

जीजा के सूने मकान में दिया चोरी को अंजाम

मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित अनिल शर्मा कोंडागांव जिले के कृषि विभाग में पदस्थ हैं। उनका रायपुर के टिकरापारा स्थित मकान बंद था और वे अपने काम के सिलसिले में कोंडागांव गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

चोरी का पता चलने पर पीड़ित ने 28 अक्टूबर को टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।

दीवार फांदकर घर में घुसा था आरोपी, CCTV से हुई पहचान

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली। इसमें एक व्यक्ति दीवार फांदकर मकान के भीतर प्रवेश करता दिखाई दिया। तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान प्रियंक उर्फ शुभम पांडे के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़ित का सगा साला है। वह मूल रूप से महासमुंद जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के लक्ष्मी नगर क्षेत्र में रह रहा था।

जुए की लत और पुराने कर्ज ने बनाया अपराधी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जुआ खेलने का आदी था और पुराने कर्ज के कारण आर्थिक दबाव में था। कर्ज चुकाने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई। उसे अपने जीजा के घर में रखे सोने-चांदी के जेवरों और अन्य कीमती सामान की जानकारी पहले से थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने सूने मकान में चोरी की और पूछताछ के दौरान वारदात स्वीकार कर ली।

25 तोला सोना समेत 37 लाख का सामान बरामद

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 25 तोला सोने के जेवर सहित करीब 37 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

परिवार के भरोसे का फायदा उठाकर की गई इस वारदात में पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!