मध्यप्रदेश में आज सियासी और प्रशासनिक हलचल: मोहन कैबिनेट की बैठक, 48 नए DSP होंगे पासआउट; सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, कल भोपाल में बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन

श्रीकृष्ण से जुड़े धार्मिक स्थलों के विकास की तैयारी, जनता क्वार्टर्स के 600 जर्जर मकानों पर 14 नवंबर से चलेगा बुलडोजर
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक होगी। इससे पहले मुख्यमंत्री पुलिस अकादमी भौंरी में आयोजित डीएसपी दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे, जहां 48 नए पुलिस अधिकारियों की पासिंग आउट परेड होगी। दूसरी ओर, प्रदेशभर के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर भोपाल में जुटेंगे। इसी बीच भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े धार्मिक स्थलों के विकास और भोपाल के जनता क्वार्टर्स के पुनर्विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण गतिविधियां सामने आई हैं। बुधवार को राजधानी में भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन भी प्रस्तावित है।
किसानों के मुद्दों पर मुख्यमंत्री करेंगे अहम बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को किसान संगठनों के साथ होने वाली त्रैमासिक बैठक में शामिल होंगे। बैठक में भारतीय किसान संघ सहित विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसमें खाद, बिजली, पानी और बीज की उपलब्धता के साथ किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
भावांतर योजना में नई फसलों को शामिल करने, समर्थन मूल्य पर शत-प्रतिशत खरीदी, फसल बीमा योजना और टोकन व्यवस्था में आ रही खामियों का विषय प्रमुखता से उठ सकता है। इसके अलावा अघोषित बिजली कटौती, कम बिजली आपूर्ति और ट्रांसफार्मर की समस्याओं पर भी किसान संगठन अपनी बात रखेंगे। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
भोपाल में 48 नए DSP की पासिंग आउट परेड
पुलिस अकादमी भौंरी में मंगलवार सुबह 9:30 बजे डीएसपी दीक्षांत समारोह आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान 44वें और 45वें बैच के कुल 48 प्रशिक्षु डीएसपी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पुलिस सेवा में शामिल होंगे।
पासआउट होने वाले अधिकारियों में 20 महिलाएं और 28 पुरुष शामिल हैं। इनमें जिला पुलिस बल के 37, रेडियो शाखा के 9 और होमगार्ड के 2 अधिकारी हैं। मुख्यमंत्री परेड की सलामी लेने के साथ उसका निरीक्षण करेंगे। प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को शील्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह के बाद सभी 48 अधिकारी प्रदेश में अपनी सेवाएं देंगे।
मुख्यमंत्री का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री निवास से भौंरी स्थित केंद्रीय पुलिस प्रशिक्षण अकादमी के लिए रवाना होंगे। सुबह 9:30 बजे डीएसपी पासिंग आउट परेड में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे मंत्रालय में कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
दोपहर 2:15 बजे छिंदवाड़ा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। दोपहर 2:30 बजे मंत्रालय में मुलाकात और अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम 4 बजे मुख्यमंत्री निवास में बैठक प्रस्तावित है।
श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थलों का होगा विकास, उज्जैन में बनेगी अत्याधुनिक लाइब्रेरी
मध्यप्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनसे जुड़े धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके तहत श्रीकृष्ण को समर्पित एक अत्याधुनिक रिसर्च लाइब्रेरी उज्जैन में स्थापित करने की तैयारी है।
इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण पर केंद्रित डिजिटल प्लेटफॉर्म भी विकसित किया जाएगा। कृष्ण भक्ति से जुड़ी संस्थाओं का सहयोग लेकर धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व की जानकारियों को एक मंच पर लाने की योजना है।
श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन योजनाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इस पहल से प्रदेश में श्रीकृष्ण से जुड़े धार्मिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने के साथ शोध और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
जनता क्वार्टर्स के 600 जर्जर मकानों पर 14 नवंबर से चलेगा बुलडोजर
भोपाल में हाउसिंग बोर्ड के जनता क्वार्टर्स के पुनर्विकास की प्रक्रिया तेज हो गई है। यहां स्थित 600 जर्जर मकानों को खाली कराने के लिए संबंधित लोगों को अंतिम नोटिस जारी किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 नवंबर से इन मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
पुनर्विकास योजना के तहत पुराने मकानों की जगह नए बहुमंजिला आवासीय भवन बनाए जाएंगे। वैध आवंटियों को वर्तमान मकानों की तुलना में करीब 20 प्रतिशत बड़े आवास देने की योजना है। मध्यप्रदेश पुनर्विकास नीति 2022 के तहत पात्र आवंटियों को कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार किराया दिए जाने का भी प्रावधान बताया गया है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 600 मकानों में से केवल 110 मकान मूल आवंटियों के पास हैं, जबकि शेष 490 मकानों पर अनधिकृत कब्जे बताए जा रहे हैं। नगर निगम ने वर्ष 2016 में इन मकानों को जर्जर घोषित किया था। अब पुनर्विकास की कार्रवाई को आगे बढ़ाने की तैयारी है।
सफाई कर्मचारियों का प्रदेशव्यापी आंदोलन, भोपाल में जुटेंगे हजारों कर्मचारी
दिवाली से पहले प्रदेश के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर भोपाल में बड़ा प्रदर्शन करने जा रहे हैं। मंगलवार, 3 नवंबर को नीलम पार्क में आयोजित धरने में प्रदेशभर से 8 से 10 हजार कर्मचारियों के जुटने का दावा किया गया है।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के बैनर तले होने वाले इस आंदोलन में वेतन वृद्धि और संविदा तथा अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने की मांग उठाई जाएगी। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 4 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है। ऐसा होने पर प्रदेश की नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में सफाई व्यवस्था सहित अन्य नगरीय सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
भोपाल में कल भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री होंगे शामिल
इंदौर और जबलपुर के बाद अब भाजपा भोपाल में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिए शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। बुधवार को प्रस्तावित इस आयोजन में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग की प्रत्येक विधानसभा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जुटाने की योजना है।
आयोजकों के अनुसार, हर विधानसभा क्षेत्र से 10-10 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यकर्ताओं के आवागमन के लिए करीब 1,200 बसों और 2,000 चारपहिया वाहनों की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई है।
इस पदयात्रा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल प्रमुख रूप से शामिल होंगे। बुधवार सुबह 10 बजे अटल पथ से पदयात्रा शुरू होने का कार्यक्रम है। आयोजन के जरिए भाजपा राजधानी में बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी कर रही है।



