कान दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची महिला की मौत, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

श्रीराम केयर हॉस्पिटल में महिला की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को बताया गलत; निष्पक्ष जांच की मांग

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // शहर के नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर हॉस्पिटल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका की पहचान सुखम बाई साहू के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि महिला कान में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी, लेकिन चिकित्सकों ने हृदय में अवरोध होने की बात कहते हुए उनकी एंजियोप्लास्टी की। इसके बाद उपचार के दौरान ही महिला की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध जताते हुए चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
दरअसल, पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर हॉस्पिटल का है। परिजनों के मुताबिक, सुखम बाई साहू कान में दर्द की शिकायत के चलते इलाज कराने अस्पताल पहुंची थीं। उनका आरोप है कि उपचार के दौरान चिकित्सकों ने हृदय में ब्लॉकेज होने की जानकारी दी और एंजियोप्लास्टी की गई। परिजनों का सवाल है कि कान में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची महिला के इलाज में हृदय संबंधी प्रक्रिया की नौबत कैसे आई और उपचार के बाद उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई?
परिजनों ने उठाए उपचार प्रक्रिया पर सवाल
महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और उपचार में शामिल चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि इलाज की प्रक्रिया और महिला की मौत के बीच की परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए। परिजनों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को नकारा
वहीं, अस्पताल प्रबंधक ने परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। फिलहाल, महिला की मौत के वास्तविक कारण और उपचार के दौरान अपनाई गई चिकित्सकीय प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले में निष्पक्ष जांच के बाद ही यह सामने आ सकेगा कि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी या नहीं।



