बिलासपुर संभाग

25 साल की जनसेवा को भाजपा ने बताया सुशासन और गरीब कल्याण की यात्रा, स्वास्थ्य मंत्री ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

जनधन से आयुष्मान तक योजनाओं का जिक्र, छत्तीसगढ़ के किसानों, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को मिले लाभ का रखा ब्योरा

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा यात्रा पूरी होने के अवसर पर भाजपा ने उनकी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। पार्टी ने गरीब कल्याण, किसान सहायता, आवास, स्वास्थ्य, पेयजल, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए कामों को मोदी सरकार की प्राथमिकताओं का हिस्सा बताया।

भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की जनसेवा यात्रा को सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राजनीति को केवल सत्ता का माध्यम न बनाकर सेवा और परिवर्तन का माध्यम बनाने का प्रयास किया है। उनके नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ को शासन का मूल मंत्र बनाया गया है।

जनधन से सरकारी योजनाओं की पहुंच हुई आसान

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनधन योजना, आधार और मोबाइल के माध्यम से सरकारी सहायता को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत हुई है। इससे बिचौलियों की भूमिका कम होने और योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ने का दावा किया गया।

उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में देश के करीब 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करीब 81 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

आवास, उज्ज्वला और नल-जल योजनाओं का किया उल्लेख

जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि घर केवल छत नहीं, बल्कि परिवार के लिए सुरक्षा, सम्मान और स्थिरता का आधार है।

उन्होंने उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन को महिलाओं के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं बताया। उनके अनुसार, छत्तीसगढ़ में करीब 39 लाख 54 हजार महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत करीब 41 लाख 50 हजार ग्रामीण परिवारों तक नल से पानी पहुंच रहा है।

आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि का भी जिक्र

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को अस्पताल में भर्ती होने पर सालाना पांच लाख रुपये तक के उपचार का सुरक्षा कवच मिला है। योजना का विस्तार 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों तक भी किया गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को किसानों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के करीब 25 लाख 51 हजार किसानों को 11 हजार 277 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके खातों में पहुंचाई गई है।

उन्होंने कहा कि सिंचाई, फसल बीमा, कृषि अवसंरचना और आधुनिक तकनीक से जुड़ी योजनाओं के जरिए खेती को अधिक सुरक्षित और उत्पादक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र की योजनाओं का बताया योगदान

जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समाज को केंद्रीय योजनाओं का व्यापक लाभ मिला है। सड़क, रेल, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं को भी उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 51 हजार करोड़ रुपये की लागत से रेलवे सुविधाओं के विस्तार का काम चल रहा है। इसमें नई रेल लाइनें, ट्रैक दोहरीकरण, फ्लाईओवर और पुलों का निर्माण शामिल है।

उन्होंने यह भी बताया कि 30 मार्च 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तीन लाख हितग्राहियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में भाग लिया था।

आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति का दावा

प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर भी सरकार की नीति का उल्लेख किया गया। जायसवाल ने कहा कि उरी के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए देश ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख प्रदर्शित किया है।

उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा, नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक नीति से देशवासियों के बीच सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।

प्रेसवार्ता में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, मीडिया प्रभारी केके शर्मा और मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!