14 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली ( शिखर दर्शन ) // जरहागांव थाना क्षेत्र में कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने छात्रा के साथ मारपीट और धमकी देने के बाद उसे अगवा किया और बरेला स्थित एक मकान में ले गए। पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
रास्ते में रोककर मारपीट और धमकी देने का आरोप
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 29 सितंबर की शाम छात्रा अपनी सहेली के घर से वापस लौट रही थी। इसी दौरान दो युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने छात्रा के साथ मारपीट की और उसे धमकी दी।
घटना के बाद छात्रा डर के कारण अपने घर नहीं लौटी और बस से रतनपुर चली गई।
दोबारा पकड़कर मकान में ले जाने का आरोप
अगले दिन जब छात्रा वापस अपने घर लौट रही थी, तब आरोपियों ने कथित तौर पर उसे दोबारा पकड़ लिया। शिकायत के मुताबिक, दोनों उसे बरेला स्थित एक मकान में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर जरहागांव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2), 65(1), 137(2), 351(3), 115(2), 296 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए
पुलिस के मुताबिक, मामले में दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है।



