नाबालिग चुराते थे वाहन, बालिग 8 से 10 हजार में बेचते थे: गिरोह का हुआ पर्दाफाश, 11 दोपहिया बरामद

इंदौर ( शिखर दर्शन ) // शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों के बीच तेजाजी नगर थाना पुलिस ने एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह में शामिल नाबालिग शहर से दोपहिया वाहन चुराते थे, जबकि दो बालिग आरोपी चोरी के वाहनों को महज 8 से 10 हजार रुपये में बेच देते थे। पुलिस ने दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है और दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 11 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी की टीम को मिली थी गुप्त सूचना
डीसीपी नरेंद्र रावत के अनुसार, शहर में लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम और उनकी टीम को सूचना मिली कि कुछ नाबालिग वाहन चोरी की वारदातों में शामिल हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने वाहन चोरी करने और चोरी के वाहन प्रकाश तथा मुकेश नामक दो आरोपियों को सौंपने की जानकारी दी।
नशे की लत और जरूरतों के लिए करते थे चोरी
पुलिस ने नाबालिगों की निशानदेही पर प्रकाश और मुकेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग वाहन चोरी करके लाते थे, जिसके बाद दोनों बालिग आरोपी चोरी के वाहनों के लिए ग्राहक तलाशते और उन्हें 8 से 10 हजार रुपये में बेच देते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे की लत और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
3 से 4 थाना क्षेत्रों से चुराए थे वाहन
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से बरामद किए गए 11 दोपहिया वाहन शहर के 3 से 4 अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में दर्ज चोरी के मामलों की जानकारी जुटा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



