मध्यप्रदेश

सतना में बाढ़ का कहर: रामघाट का बड़ा पुल टूटा, 400 दुकानें जलमग्न; नागौद थाना परिसर बना तालाब

सतना/चित्रकूट ( शिखर दर्शन ) // सतना जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से रामघाट क्षेत्र में हालात बिगड़ गए हैं। बाढ़ के तेज बहाव के बीच रामघाट का बड़ा पुल टूटने की खबर है। वहीं, जिले के कई गांवों और कस्बों में पानी भरने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नागौद थाना परिसर भी पानी में डूब गया है।

रामघाट का पुल टूटा, इलाके में मची अफरा-तफरी

मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच रामघाट का बड़ा पुल टूटने से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। बाढ़ के तेज बहाव में कई वस्तुएं बहती नजर आ रही हैं।

प्रशासन और राहत-बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से नदी और बाढ़ प्रभावित इलाकों के पास नहीं जाने की अपील की गई है।

झरी गांव में फंसे ग्रामीणों का एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू

जैतवारा तहसील के झरी गांव में बाढ़ के पानी में ग्रामीणों के फंसे होने की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने तेज बहाव के बीच अभियान चलाकर ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला और ऊंचे स्थानों पर पहुंचाया।

रेस्क्यू अभियान की निगरानी बिरसिंहपुर तहसीलदार डॉ. शैलेंद्र बिहारी शर्मा और जैतवारा तहसीलदार ज्योति पटेल सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने की।

सेमरावल नदी उफनी, कई रास्तों पर बढ़ा खतरा

लगातार बारिश के कारण जिले की नदी-नालियां उफान पर हैं। कोठी थाना क्षेत्र के पुरवा गांव के पास सेमरावल नदी भी विकराल रूप में बह रही है। पानी कई जगह सड़क और पुल-पुलियों के ऊपर से बहने की स्थिति में पहुंच गया है।

संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों को उफनती नदी और नालों के पास नहीं जाने की हिदायत दी है।

इटमा गांव के 50 घरों में घुसा पानी, ग्रामीण परेशान

कोठी थाना क्षेत्र के इटमा गांव में लगातार बारिश और जलभराव के कारण करीब 50 घरों में पानी घुस गया है। अचानक बढ़े जलस्तर से लोगों के घरों में रखा सामान भी प्रभावित हुआ है। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राशन सहित जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

चित्रकूट में 400 दुकानें जलमग्न, सड़कों पर चलीं नावें

चित्रकूट में लगातार बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। रामघाट, भारत घाट, आरोग्यधाम, गुप्त गोदावरी और सती अनुसुइया सहित कई प्रमुख क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं। रामघाट क्षेत्र की करीब 400 दुकानें पानी में डूब गई हैं।

नयागांव राजमहल परिसर में भी पानी भर गया है। कई सड़कों पर पानी इतना बढ़ गया कि वहां वाहनों की जगह नावों से आवाजाही होती दिखाई दी।

रेलवे ट्रैक पर पानी, ट्रेन रोकी गई

मझगवां के पास रेलवे ट्रैक पर पानी आने के कारण आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस को बीच रास्ते रोकना पड़ा। वहीं, 25 फीट ऊंचे बड़े पुल के भी डूबने की स्थिति बन गई है और उसकी रेलिंग टूटने की जानकारी सामने आई है।

घरों और होटलों में फंसे श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों को निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीमें नावों के सहारे बचाव अभियान चला रही हैं।

नागौद थाना परिसर में भरा पानी

लगातार बारिश के कारण नागौद थाना परिसर में भी भारी जलभराव हो गया है। पूरा परिसर तालाब में तब्दील नजर आ रहा है। पानी भरने से पुलिसकर्मियों और फरियादियों की सामान्य आवाजाही प्रभावित हुई है।

बारिश का पानी आसपास के घरों और सड़कों पर भी जमा है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जल निकासी व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। लगातार बारिश के बीच प्रशासन और पुलिस की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!