सीसीटीवी से झपटमारी गिरोह तक पहुंची रतनपुर पुलिस, 7 महिलाओं समेत 9 गिरफ्तार; 8000 रुपए बरामद

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // चलती बस में धक्का-मुक्की कर महिला के गले से सोने की चेन झपटने वाले गिरोह का रतनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 7 महिलाओं और 2 पुरुषों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8000 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल कुछ लोग पूर्व में उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस ने मामले को संगठित तरीके से अंजाम दिया गया अपराध मानते हुए संगठित अपराध की धारा के तहत कार्रवाई की है। वारदात के बाद पुलिस ने महामाया चौक बिलासपुर और शनिचरी चौक रतनपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करते हुए कोरबा जिले के कोनकोना तक पहुंच बनाई।
बस में धक्का-मुक्की कर महिला की चेन झपटी
मामला 11 अगस्त 2026 को थाना रतनपुर में दर्ज हुआ था। प्रार्थी भगवान राम प्रधान, निवासी बांकीमोंगरा, जिला कोरबा ने पुलिस को बताया कि वह 2 अगस्त को अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर आया था। वापसी में दोनों नेहरू चौक से बस में सवार होकर बांकीमोंगरा लौट रहे थे।
महामाया चौक बिलासपुर के पास कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं। भीड़ अधिक होने के कारण भगवान राम और उनकी पत्नी को सीट नहीं मिली और दोनों खड़े होकर यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान महिलाओं ने योजनाबद्ध तरीके से गीता प्रधान के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर महिला के गले से सोने की चेन झपटा ली गई। इसके बाद आरोपी महिलाएं शनिचरी चौक रतनपुर के पास बस से उतर गईं।
रतनपुर पहुंचने के बाद जब बस कुछ खाली हुई और गीता प्रधान को अपनी चेन गायब होने की जानकारी हुई, तब मामले का खुलासा हुआ।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला वारदात का राज
शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रतनपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
फुटेज में दिखाई दे रही महिलाओं की पहचान के लिए तकनीकी और मैदानी स्तर पर जानकारी जुटाई गई। जांच में संदिग्धों का संबंध कोनकोना, थाना बांगो, जिला कोरबा से होने की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने कोनकोना में घेराबंदी कर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को गिरफ्तार कर रतनपुर थाना लाया।
पूछताछ में सामने आई चेन बेचने की जानकारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बस में महिला को निशाना बनाकर धक्का-मुक्की की और इसी दौरान उसके गले से सोने की चेन निकाल ली।

पुलिस के मुताबिक, चोरी की गई चेन को गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर, थाना कुसमी को 20 हजार रुपए में बेच दिया गया था। आरोपियों ने बताया कि रकम में से 12 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं, जबकि शेष 8000 रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
मामले में शामिल सुरतनी गिरी फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार सभी 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
अंजली गिरी, पति मनोज गिरी गोस्वामी, उम्र 25 वर्ष
लोहारिन बाई, पति हरिनाथ उर्फ खिरू गिरी गोस्वामी, उम्र 50 वर्ष
सुनीता गिरी, पति स्व. बलबीर गिरी गोस्वामी, उम्र 30 वर्ष
रामबाई, पति हरिनाथ उर्फ खिरू गिरी गोस्वामी, उम्र 40 वर्ष
प्रीति गिरी, पति नरेश गिरी, उम्र 30 वर्ष
शिवानी, पति राकेश गिरी गोस्वामी, उम्र 20 वर्ष
देवी गिरी, पति राम गिरी गोस्वामी, उम्र 20 वर्ष
नरेश गिरी, पिता सुखराम गिरी गोस्वामी, उम्र 35 वर्ष
राम गिरी, पिता ओप्रकाश गिरी गोस्वामी, उम्र 20 वर्ष
सभी आरोपी कोनकोना, ठिहईभाठा, थाना बांगो, जिला कोरबा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों का पूर्व में भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जाना सामने आया है।
25 लीटर महुआ शराब भी जब्त
रतनपुर पुलिस ने झपटमारी के मामले के साथ ही अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की है। 18 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम चपोरा स्थित राधे ढाबा के पीछे दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक गोवर्धन सिंह पोर्ते, पिता स्व. जेठूराम पोर्ते, उम्र 50 वर्ष, निवासी चपोरा, थाना रतनपुर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 5000 रुपए बताई गई है, बरामद की गई।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर जिले में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह ठाकुर और एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में रतनपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कोनकोना में घेराबंदी की और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
बस में झपटमारी के आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक अखिलेश पारकर, मोरध्वज चंद्रा और महिला आरक्षक अंजेला खलखो की विशेष भूमिका रही।
वहीं अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक आकाश डोंगरे और देवानंद चंद्राकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रतनपुर पुलिस की दोनों कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि पुलिस अपराध और अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान, मैदानी स्तर पर घेराबंदी और आरोपियों की गिरफ्तारी ने एक बार फिर पुलिस की त्वरित कार्रवाई को सामने रखा है।



