बिलासपुर संभाग

आरोपी को पकड़ने ट्रेन की जगह फ्लाइट से गुरुग्राम गई पुलिस, टिकट का पैसा पीड़ित से लिया; कटघोरा टीआई समेत 8 निलंबित

कटघोरा/बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // आरोपी को पकड़ने के लिए गुरुग्राम गई कटघोरा पुलिस टीम की यात्रा अब पुलिस महकमे के लिए भारी पड़ गई है। आरोप है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को ट्रेन से गुरुग्राम जाना था, लेकिन टीम ने नियमों को दरकिनार कर हवाई यात्रा की। इतना ही नहीं, फ्लाइट की टिकट का खर्च भी मामले के पीड़ित से लिया गया। शिकायत और जांच के बाद बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल समेत 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

ट्रेन की जगह फ्लाइट से गुरुग्राम पहुंची पुलिस टीम

मामला कटघोरा थाने में दर्ज कृष्णा जेसीबी कंपनी से जुड़े धोखाधड़ी और चोरी के प्रकरण का है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत टीम को ट्रेन से रवाना होना था, लेकिन आरोप है कि 8 सदस्यीय पुलिस टीम ने ट्रेन की जगह फ्लाइट से यात्रा की।

मामला तब और गंभीर हो गया, जब जांच में यह बात सामने आई कि पुलिस टीम की हवाई यात्रा का खर्च प्रार्थी यानी पीड़ित से लिया गया था।

शिकायत के बाद खुला मामला

पुलिस टीम की हवाई यात्रा और उसके खर्च को लेकर पीड़ित ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग की पुष्टि होने के बाद बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग ने सख्त कार्रवाई करते हुए सभी 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने भी मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कटघोरा टीआई समेत ये 8 पुलिसकर्मी निलंबित

निरीक्षक मोती पटेल — थाना प्रभारी, कटघोरा

उप निरीक्षक राम पाण्डेय — प्रभारी अधिकारी

प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा — क्रमांक 381

प्रधान आरक्षक गोपाल यादव — क्रमांक 392

प्रधान आरक्षक राजेश कंवर — क्रमांक 35

आरक्षक प्रदीप राठौर — क्रमांक 747, थाना कटघोरा

आरक्षक सुशील यादव — क्रमांक 41, साइबर सेल

आरक्षक प्रशांत सिंह — क्रमांक 08, रक्षित केंद्र कोरबा

कटघोरा थाने पर पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

कटघोरा थाना इससे पहले भी पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहा है। कुछ समय पहले थाने के सामने करीब चार दिनों तक कबाड़ से लदी एक गाड़ी लावारिस खड़ी रहने और मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई थी।

अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम गई पुलिस टीम की यात्रा में नियमों की अनदेखी और पीड़ित से फ्लाइट का खर्च लिए जाने के आरोप में हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। आईजी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!