‘फूलों का तारों का…’ गाते हुए सीएम मोहन ने लाड़ली बहनों को दिया राखी का शगुन, खातों में पहुंचे 2148 करोड़ रुपये

भोपाल/मैहर ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को मैहर में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहनों के बीच अलग ही अंदाज में नजर आए। मुख्यमंत्री ने मंच से ‘फूलों का तारों का, सबका कहना है…’ गीत गाकर बहनों के प्रति अपना स्नेह जताया। इसके साथ ही प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की राशि के रूप में 2148 करोड़ रुपये अंतरित किए गए। बहनों को नियमित 1500 रुपये के साथ रक्षाबंधन के अवसर पर 250 रुपये का अतिरिक्त शगुन भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों पर पुष्पवर्षा की और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। उन्होंने 256 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इस दौरान मैहर की हॉकी खिलाड़ी अनन्या अवधिया और उन्नति पांडे भी मौजूद रहीं। जनअभियान परिषद की सखियों ने मुख्यमंत्री को विशाल राखी भेंट की।
‘राखी साल में एक बार, हम हर महीने मनाते हैं उत्सव’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उनकी सरकार हर महीने बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की राशि पहुंचा रही है। राखी का त्योहार साल में एक बार आता है, लेकिन सरकार हर महीने बहनों के साथ यह उत्सव मनाती है। उन्होंने कहा कि आज लाड़ली बहनों का प्रेम और उनकी बड़ी संख्या देखकर उन्हें काफी आनंद हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैहर मां शारदा की पवित्र भूमि है और यहां की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं अद्भुत हैं। उन्होंने सनातन संस्कृति और परिवार व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में पेड़-पौधे, नदी और पहाड़ तक को परिवार का हिस्सा माना जाता है।
बहनों को 250 रुपये का अतिरिक्त उपहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उनके दोनों हाथों में प्रेम का धागा है और वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव के समय लाड़ली बहनों से जो वादा किया था, उसे लगातार पूरा किया जा रहा है।
इसी दौरान उन्होंने ‘फूलों का तारों का कहना है, सबका कहना है, एक हजार में मेरी बहना है…’ गीत का उल्लेख करते हुए कहा कि आज सरकार ने नियमित राशि के अलावा 250 रुपये अतिरिक्त सावन के उपहार के रूप में बहनों के खातों में भेजे हैं।
मुख्यमंत्री ने बहनों से कहा कि जब यह राशि उनके खातों में पहुंचे तो वे अपने भाइयों को मिठाई खिलाएं और राखी बांधें। उन्होंने कहा कि बहनों का आशीर्वाद उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
लाड़ली बहनों को अगले पांच साल तक राशि देने का फैसला
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि लाड़ली बहनों को आने वाले पांच वर्षों तक योजना की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बहनें इस राशि का उपयोग सिलाई मशीन खरीदने, ब्यूटी पार्लर शुरू करने और परिवार की जरूरतें पूरी करने में कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आय बढ़ाने पर भी काम कर रही है। जो उद्योग महिलाओं को रोजगार का अवसर देंगे, उन्हें सरकार की ओर से प्रति महिला 5 हजार रुपये की सहायता देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
मैहर के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टेडियम बनाने की घोषणा की। इसके अलावा 50 करोड़ रुपये की लागत से लिलजी जलाशय के नवीनीकरण, मैहर में बड़ा अस्पताल, 5 हजार गौवंश क्षमता वाली बड़ी गौशाला और आईटीआई संस्थान स्थापित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने स्कूलों के उन्नयन और आल्हा गायकों की समितियों को 25-25 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।
मैहर में 16 बड़े पदों पर महिलाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैहर जिले में कलेक्टर सहित 16 बड़े पदों पर महिलाएं जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उन्होंने महिला सशक्तीकरण और विधानसभा एवं लोकसभा में महिलाओं को आरक्षण दिए जाने की बात भी कही।
नशे के खिलाफ अभियान का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। प्रदेश के 19 धार्मिक शहरों में शराब की दुकानें बंद की गई हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए सरकार हर तरह के नशे के खिलाफ लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने नर्मदा परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि अब इस क्षेत्र के गांवों तक नर्मदा का पानी पहुंचाने का काम पूरा हो गया है। किसानों को सिंचाई और बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही गरीब परिवारों के अधूरे मकानों को पूरा करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।



