आस्था से खिलवाड़! ओंकारेश्वर में नर्मदा के पवित्र जल में मिल रहा सीवरेज का गंदा पानी, श्रद्धालु करते दिखे स्नान

खंडवा ( शिखर दर्शन ) //
मध्य प्रदेश की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर से श्रद्धालुओं की आस्था और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। गोमुख घाट के पास नर्मदा नदी के पवित्र जल में सीवरेज ट्रीटमेंट का गंदा पानी मिलने का दावा किया जा रहा है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ श्रद्धालु इसी पानी में स्नान करते नजर आ रहे हैं।
पवित्र जल समझकर स्नान कर रहे बेखबर श्रद्धालु
ओंकारेश्वर में देश-विदेश से श्रद्धालु नर्मदा स्नान और भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गोमुख घाट के पास सामने आया वीडियो कई सवाल खड़े कर रहा है। वीडियो में गंदा पानी नर्मदा में मिलता हुआ दिखाई दे रहा है और इसी स्थान पर श्रद्धालु स्नान करते नजर आ रहे हैं।
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को नहीं होती जानकारी
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को इस पानी की वास्तविकता की जानकारी नहीं होती। वे इसे नर्मदा का पवित्र जल समझकर स्नान कर लेते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक बाद में उन्हें बताया जाता है कि इस स्थान पर सीवरेज का पानी मिलने की आशंका है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, स्थायी समाधान की मांग
मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि नर्मदा जैसी पवित्र नदी में गंदे पानी का मिलना गंभीर चिंता का विषय है। इससे न केवल नदी के पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है, बल्कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और आस्था पर भी सवाल खड़े होते हैं। नागरिकों ने नगर पंचायत और प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश
मामला सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने जांच कराने की बात कही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि नर्मदा में मिल रहा पानी वास्तव में सीवरेज ट्रीटमेंट का है या नहीं। यदि सीवरेज का पानी नर्मदा में मिलने की पुष्टि होती है तो उसकी निकासी रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी, यह भी जांच के बाद सामने आएगा।



