बिलासपुर संभाग

आवारा कुत्तों का खूनी आतंक: 5 साल के मासूम को नोच-नोचकर मार डाला, दर्दनाक मौत

कोरबा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आवारा कुत्तों के हमले ने एक मासूम की जान ले ली। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर गांव में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने पहली कक्षा में पढ़ने वाले 5 वर्षीय प्रकाश पटेल पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को बुरी तरह नोच डाला, जिससे उसकी गंभीर हालत हो गई। परिजन उसे तत्काल जिला मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, प्रकाश के पिता किशोर पटेल मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के निवासी हैं और वर्तमान में परिवार सहित दादर गांव में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के समय वे एक मकान में काम कर रहे थे। प्रकाश उनसे मिलने आया था और वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्तों ने बच्चे का पीछा कर उसके सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। मासूम की चीख-पुकार सुनकर पिता मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पूरे गांव में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

मानिकपुर चौकी पुलिस ने जिला मेडिकल अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!