चोरों का बदला ट्रेंड, सोना-चांदी छोड़ ‘भैंस’ बनी न्यू फ्रेंड ! खौफ में किसान, जगकर कट रही रातें

सिंगरौली में भैंस चोरों का आतंक, एक साल में 100 से अधिक पशु चोरी; किसानों ने प्रशासन से लगाई गुहार
सिंगरौली ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में इन दिनों पशु चोरी की घटनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बीते एक वर्ष में जिले से 100 से अधिक भैंसों के चोरी होने का दावा करते हुए किसानों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी में शामिल गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीण रातभर जागकर अपने पशुओं की रखवाली करने को मजबूर हैं।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर किसानों ने सुनाई पीड़ा
सोमवार को एक दर्जन से अधिक किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक भैंसें चोरी हो चुकी हैं। किसानों का आरोप है कि इनमें से 31 भैंसों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
एक किसान की 12 भैंसें एक साथ चोरी
बरदघटा टोला भलछेरा निवासी किसान हरेराम गुर्जर ने बताया कि चोर उनके बाड़े से एक साथ 12 भैंसें चोरी कर ले गए। उन्होंने कहा कि दूध बेचकर ही परिवार का पालन-पोषण और बच्चों की पढ़ाई का खर्च चलता था। पशुओं की चोरी से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
संगठित गिरोह पर ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि पशु चोरी के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है। उनका दावा है कि चोरी की गई भैंसों को रातों-रात दूसरे राज्यों में ले जाकर बेच दिया जाता है। किसानों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर गिरोह का पर्दाफाश करने की मांग की है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि किसानों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
किसानों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। किसानों ने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, पशु चोर गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और चोरी हुए पशुओं की जल्द बरामदगी की मांग की है।



