बिलासपुर संभाग

बुनकर महिलाओं के बीच पहुंचीं सीएसपी योगिताबाली खापर्डे, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा का दिया संदेश

जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी स्थित आदर्श कोसा सहकारी बुनकर समिति में सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने बुनकर महिलाओं से संवाद कर उन्हें नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

बुनकर महिलाओं के कार्यों की सराहना

सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने समिति की गतिविधियों का अवलोकन किया और महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे कोसा वस्त्रों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय हथकरघा एवं हस्तशिल्प उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस दौरान समिति के संचालक मनमोहन देवांगन ने संस्था की स्थापना, कोसा बुनाई की प्रक्रिया तथा महिलाओं को उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति से जुड़कर बड़ी संख्या में महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।

नशे के खिलाफ पुलिस की अपील

सीएसपी ने “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार या सेवन होता दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय

कार्यक्रम में महिलाओं को साइबर अपराधों से बचने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।

  • किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन और बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करें।
  • फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहें।
  • साइबर ठगी होने पर तुरंत पुलिस और साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

डिजिटल सुरक्षा पर भी किया जागरूक

क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य उमा राजेंद्र राठौर ने कहा कि डिजिटल युग में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से सावधान रहने और साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

प्रशिक्षु उप निरीक्षक निकिता साहू ने महिलाओं को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, आपातकालीन पुलिस सहायता तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।

महिलाओं ने लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में बुनकर महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए नशामुक्त, सुरक्षित और साइबर अपराध मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!