श्री लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के गठन से क्षेत्र में खुशी: कलेक्टर का जताया आभार

लंबे समय से उठ रही मांग हुई पूरी, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर किया सम्मान
जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // खरौद स्थित श्री लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर के ट्रस्ट के गठन के निर्णय से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लंबे समय से ट्रस्ट गठन की मांग पूरी होने पर खरौद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे का पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।
वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर जताई खुशी
क्षेत्रवासियों ने ट्रस्ट गठन को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि लंबे समय से मंदिर के सुव्यवस्थित संचालन और विकास के लिए ट्रस्ट के गठन की मांग की जा रही थी। मांग पूरी होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।
मंदिर के विकास के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता
इस अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि श्री लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर केवल खरौद ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मंदिर परिसर के समग्र विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार तथा आवश्यक आधारभूत अधोसंरचना के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने किया सम्मान
ट्रस्ट गठन के निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन का आभार जताया तथा मंदिर के विकास के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।



