जिला पंचायत कोरबा को मिले नए सीईओ: आईएएस प्रतीक जैन ने संभाला पदभार

वर्ष 2020 बैच के आईएएस अधिकारी ने ग्रहण की जिम्मेदारी, प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ
कोरबा ( शिखर दर्शन ) // भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वर्ष 2020 बैच के अधिकारी प्रतीक जैन ने सोमवार सुबह जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) का पदभार ग्रहण किया। जिला पंचायत कार्यालय में निवर्तमान मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने उन्हें विधिवत कार्यभार सौंपा।
औपचारिक रूप से हुआ कार्यभार हस्तांतरण
पदभार ग्रहण के दौरान जिला पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में कार्यभार हस्तांतरण की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई। इस अवसर पर प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा हुई।
कई महत्वपूर्ण पदों पर दे चुके हैं सेवाएं
आईएएस अधिकारी प्रतीक जैन इससे पहले बस्तर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे रायगढ़ जिले में सहायक कलेक्टर तथा रायपुर में अतिरिक्त आयुक्त एवं रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
प्रशासनिक अनुभव के आधार पर उनसे कोरबा जिले में पंचायत विकास, ग्रामीण अधोसंरचना, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों में नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। जिला पंचायत के माध्यम से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा और समयबद्ध क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।



