बिलासपुर संभाग

48 घंटे में दूसरा रेल हादसा: करगी रोड स्टेशन पर मालगाड़ी के कई वैगन पटरी से उतरे

बिलासपुर मंडल में लगातार दूसरे डिरेलमेंट से बढ़ी चिंता, राहत कार्य में जुटीं रेलवे की तकनीकी टीमें

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में 48 घंटे के भीतर दूसरा रेल हादसा सामने आया है। सोमवार को करगी रोड (कोटा) रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-2 पर एक मालगाड़ी के कई वैगन पटरी से उतर गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, इंजीनियरिंग, परिचालन एवं तकनीकी विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बहाली कार्य शुरू किया गया।

राहत कार्य के दौरान सामने आई तकनीकी चुनौती

हादसे के दौरान एक वैगन के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंस जाने से राहत एवं बहाली कार्य कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। इसके बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने विशेष उपकरणों और मशीनों की सहायता से वैगनों को दोबारा पटरी पर चढ़ाने की कार्रवाई शुरू की। घटना के कारण प्लेटफॉर्म क्रमांक-2 पर रेल संचालन प्रभावित रहा।

दो दिन पहले भी हुआ था डिरेलमेंट

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब शनिवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन के समीप शंकर नगर आरओबी के नीचे डाउन लाइन पर भी एक मालगाड़ी का वैगन पटरी से उतर गया था। उस समय मालगाड़ी की गति कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया था। उस घटना के बाद भी रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक को शीघ्र बहाल किया था।

लगातार दूसरी घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

महज 48 घंटे के भीतर बिलासपुर रेल मंडल में मालगाड़ियों के लगातार दो बार डिरेल होने की घटनाओं ने ट्रैक सुरक्षा, पॉइंट्स की स्थिति और रेल परिचालन व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, क्योंकि हादसे मालगाड़ियों के साथ हुए।

तकनीकी जांच शुरू, कारणों की पड़ताल जारी

करगी रोड स्टेशन पर हुए डिरेलमेंट के बाद रेलवे अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर ट्रैक, पॉइंट्स, वैगनों और अन्य तकनीकी उपकरणों की जांच शुरू कर दी है। रेलवे का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। वहीं, दो दिन पहले बिलासपुर स्टेशन के समीप हुए डिरेलमेंट की जांच भी अभी जारी है।

लगातार सामने आई इन घटनाओं के बाद बिलासपुर रेल मंडल में ट्रैक रखरखाव और मालगाड़ियों के सुरक्षित परिचालन को लेकर रेलवे की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान केंद्रित हो गया है। फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!