रेलवे का ‘काऊ कैचर’ बना मजाक ! लाखों खर्च, महीनों तक रास्ता बंद, फिर भी अंडरब्रिज में घूम रहे मवेशी

तारबाहर रेलवे अंडरब्रिज में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, स्थानीय लोगों ने निर्माण गुणवत्ता और डिजाइन पर जताई नाराजगी
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // शहर के सिरगिट्टी क्षेत्र को मुख्य शहर से जोड़ने वाले तारबाहर रेलवे अंडरब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। रविवार दोपहर अंडरब्रिज के भीतर बड़ी संख्या में मवेशी विचरण करते और बैठे हुए दिखाई दिए। जबकि कुछ माह पूर्व ही रेलवे ने मवेशियों की आवाजाही रोकने के उद्देश्य से अंडरब्रिज के दोनों ओर काऊ कैचर लगाया था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि काऊ कैचर लगाने के लिए रेलवे ने लगभग एक महीने तक अंडरब्रिज को बंद रखा। निर्धारित अवधि में कार्य पूरा नहीं होने पर अतिरिक्त समय भी लिया गया। इस दौरान सिरगिट्टी और शहर के बीच आवागमन करने वाले लोगों को प्रतिदिन लगभग पांच से छह किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी।
महीनों की मशक्कत, लेकिन उद्देश्य अधूरा
रहवासियों का आरोप है कि जिस उद्देश्य से काऊ कैचर लगाया गया था, वह पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। रविवार को अंडरब्रिज के भीतर बड़ी संख्या में मवेशियों की मौजूदगी ने निर्माण की उपयोगिता और गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों का कहना है कि यदि काऊ कैचर मानकों के अनुरूप बनाया जाता, तो पशुओं का प्रवेश संभव नहीं होता।
समस्या बनी हुई, रोजाना पहुंच रहे मवेशी

स्थानीय लोगों एवं राहगीरों का कहना है कि अंडरब्रिज में मवेशियों की मौजूदगी कोई एक दिन की घटना नहीं है। उनके अनुसार यहां लगभग प्रतिदिन आवारा मवेशी प्रवेश करते देखे जा सकते हैं। बीच-बीच में रेलवे के कर्मचारी अथवा प्रतिनिधि उन्हें अंडरब्रिज से बाहर निकाल देते हैं, लेकिन कुछ ही समय बाद पशु दोबारा भीतर पहुंच जाते हैं। लोगों का कहना है कि इसका मुख्य कारण काऊ कैचर का ऐसा निर्माण है, जो मवेशियों के प्रवेश को प्रभावी ढंग से रोकने में सक्षम दिखाई नहीं देता। यही वजह है कि समस्या लगातार बनी हुई है और राहगीरों के लिए जोखिम भी कम नहीं हो रहा है।
12 फीट चौड़ी सड़क पर बढ़ा हादसों का खतरा

अंडरब्रिज की सड़क पहले से ही संकरी है। ऐसे में अंदर घूमते मवेशी दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अचानक सामने आने वाले पशुओं से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग
स्थानीय लोगों ने रेलवे से काऊ कैचर की तकनीकी गुणवत्ता और निर्माण मानकों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी नहीं है तो इसका पुनर्निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
दुर्घटना होने पर तय होगी जिम्मेदारी
स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों का कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में कमी के कारण भविष्य में कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने रेलवे से अंडरब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।



