मध्य प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश, अगले चार दिन हल्की वर्षा के आसार

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश में अब तक सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। रविवार को इंदौर सहित 25 से अधिक जिलों में वर्षा की संभावना जताई गई है, जबकि प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को इंदौर, छिंदवाड़ा, शहडोल, सिंगरौली, सीधी, सतना, सिवनी, बड़वानी, बालाघाट, बुरहानपुर, मंडला, मऊगंज, देवास, दतिया, अलीराजपुर, अनूपपुर, खरगोन, खंडवा, भिंड, पांढुर्णा, रीवा, नर्मदापुरम, डिंडोरी, हरदा, बैतूल, धार और झाबुआ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में मौसम रहेगा सामान्य
वहीं भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, शिवपुरी, श्योपुर, शाजापुर, सागर, सीहोर, मंदसौर, मुरैना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, रतलाम, रायसेन, विदिशा, गुना, नीमच, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, कटनी, उमरिया और दमोह में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
प्रदेश में सामान्य से अधिक वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक सामान्य कोटे से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। जुलाई माह में सक्रिय मानसूनी प्रणालियों के कारण अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है, जिससे वर्षा के आंकड़ों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
देवास में सबसे अधिक, अलीराजपुर सबसे पीछे
अब तक हुई वर्षा के आंकड़ों में देवास जिला सबसे आगे है, जहां लगभग 17.9 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 50 प्रतिशत अधिक है। वहीं अलीराजपुर में अब तक केवल 2.3 इंच वर्षा हुई है, जो सामान्य वर्षा का लगभग 7 प्रतिशत ही है।
अगले सप्ताह फिर बन सकता है नया सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले सप्ताह एक नया मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। फिलहाल अगले चार दिनों तक हल्की वर्षा और बादलों का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।



