मध्यप्रदेश में अगले तीन दिन हल्की बारिश के आसार, भारी वर्षा से राहत; किसानों को मिलेगी राहत

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय वर्षा प्रणाली कमजोर होने से 11 से 13 जुलाई तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस दौरान अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
सभी जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के सभी 55 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
14 जुलाई से फिर बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 14 जुलाई से प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से नया मौसम तंत्र विकसित होने की संभावना है, जिसके कारण मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में दोबारा तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
किसानों को मिली राहत
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण खरीफ फसलों में जलभराव और सड़न की समस्या बढ़ने लगी थी। अब वर्षा की तीव्रता कम होने से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को जलभराव वाले खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करने और फसलों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है।



