मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री आज करेंगे ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ का शुभारंभ, 11 हजार पुलिसकर्मियों को मिलेगा प्रमोशन, दतिया उपचुनाव पर कांग्रेस की नजर

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में शनिवार को युवा, प्रशासन और राजनीति से जुड़ी कई महत्वपूर्ण गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर में ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ का शुभारंभ करेंगे। वहीं प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। दूसरी ओर दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस आज अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सकती है।

इंदौर में होगा ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर में राज्य स्तरीय ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से लगभग पांच हजार युवा शामिल होंगे। कॉन्क्लेव में शिक्षा, खेल, उद्यमिता, कृषि, स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, संस्कृति, पर्यावरण और सामाजिक विकास सहित 10 प्रमुख क्षेत्रों के युवाओं की भागीदारी रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवा शिखर सम्मान, मुख्यमंत्री युवा नवाचार पुरस्कार, मुख्यमंत्री युवा समाज सेवा पुरस्कार तथा मुख्यमंत्री युवा कला-क्रीड़ा गौरव पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।

सरकारी कर्मचारियों के प्रमोशन को मिली रफ्तार

मध्यप्रदेश में लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विभिन्न विभागों में प्रमोशन की कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर स्तर तक करीब 11 हजार पदोन्नतियां प्रस्तावित हैं, जबकि गृह विभाग में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

ऊर्जा विभाग में भी लगभग 4,500 कर्मचारियों के प्रमोशन की तैयारी की गई है। वर्षों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों में इस निर्णय से उत्साह का माहौल है।

दतिया उपचुनाव : कांग्रेस आज कर सकती है प्रत्याशी की घोषणा

दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद अब कांग्रेस के प्रत्याशी पर सबकी निगाहें टिकी हैं। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस आज अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है। चर्चा है कि पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के परिवार के किसी सदस्य को पार्टी मैदान में उतार सकती है।

गौरतलब है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!