विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू

‘दिशा’ बैठक में कृषि, शिक्षा, बिजली, ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा; अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // जिले के समग्र विकास और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, यही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की।
किसानों को समय पर मिले खाद-बीज, जैविक खेती को मिले बढ़ावा
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी न आने दी जाए। उन्होंने जैविक खेती को प्रोत्साहित करने, किसानों के बीच योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिकारियों को नियमित रूप से गांवों का दौरा कर किसानों से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। बैठक में करमा, धौरामुड़ा, बरपाली, मंजूरपहरी, बम्हनीखुर्द, बिटकुली, बांका और कोरबी में जैविक फसल प्रदर्शन की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तैयार होगी कार्ययोजना
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए श्री साहू ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, प्राचार्यों की नियमित बैठक आयोजित करने तथा पालकों के साथ संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
बिजली व्यवस्था को लेकर पहले से करें तैयारी
बैठक में विद्युत व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि इस वर्ष लोगों को बिजली आपूर्ति संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले वर्ष ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए अभी से कार्ययोजना तैयार की जाए तथा स्वीकृत विद्युत परियोजनाओं को समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
मनरेगा में प्रदेश में दूसरे स्थान पर बिलासपुर
ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में मानव दिवस सृजन के मामले में बिलासपुर जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा है। मजदूरी एवं सामग्री भुगतान भी निर्धारित समय के अनुसार किया गया है। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन तथा ग्राम पंचायत विकास योजना की भी समीक्षा की गई।
जर्जर स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों पर जताई चिंता
केंद्रीय राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कोई भी स्कूल या आंगनबाड़ी भवन जर्जर स्थिति में नहीं रहना चाहिए। आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन नहीं हैं, वहां चिन्हांकन कर निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
स्मार्ट सिटी के 100 कार्य पूर्ण
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने बैठक में जानकारी दी कि स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत 100 विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 6 कार्य प्रगति पर हैं। बैठक में जल जीवन मिशन, जल संसाधन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पशुधन, कौशल विकास, सड़क परिवहन तथा खनिज विभाग की योजनाओं की भी विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में विधायक धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




