नाले में एक्सपायरी खाद्य सामग्री फेंकने पर निगम का सख्त एक्शन

सुबह के निरीक्षण में खुली बड़ी लापरवाही; जल निकासी बाधित करने पर प्रतिष्ठान पर 25 हजार रुपये का जुर्माना
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // शहर की स्वच्छता व्यवस्था और मानसून के दौरान जल निकासी को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के सुबह के मैदानी निरीक्षण के दौरान राजेंद्र नगर के मुख्य नाले में बड़ी लापरवाही सामने आई। निरीक्षण में नाले के भीतर बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के पैकेट और अन्य कचरा फेंका हुआ मिला, जिससे जल निकासी बाधित हो रही थी और क्षेत्र में गंदगी फैलने की स्थिति निर्मित हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम आयुक्त ने मौके पर ही जांच के निर्देश दिए और जिम्मेदार प्रतिष्ठान के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई कराई।
जांच में प्रिया स्टोर की भूमिका आई सामने
नगर निगम की जांच में पता चला कि नाले में फेंकी गई एक्सपायरी खाद्य सामग्री प्रिया स्टोर से संबंधित है। जांच के दौरान प्रतिष्ठान के संचालक के रूप में आर्यन जुनेजा की पहचान होने पर नगर निगम ने स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के आरोप में संबंधित प्रतिष्ठान पर 25 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया।
नाले की तत्काल कराई गई सफाई

कार्रवाई के साथ ही निगम की टीम ने नाले में फेंके गए सभी खाद्य पैकेट और अन्य कचरे को तत्काल हटवाकर जल निकासी व्यवस्था को पुनः सुचारु किया, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित न हो और जलभराव की स्थिति से बचा जा सके।
स्वच्छता से समझौता नहीं : आयुक्त
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, नालों और सड़कों पर कचरा अथवा व्यावसायिक अपशिष्ट फेंकना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मैदानी निरीक्षण कर ऐसे मामलों में बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

व्यापारिक प्रतिष्ठानों को नियमों का पालन करने की हिदायत
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि खाद्य सामग्री सहित अन्य व्यावसायिक अपशिष्ट का निस्तारण निर्धारित नियमों के अनुरूप करना प्रत्येक प्रतिष्ठान की जिम्मेदारी है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए निगम का निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा तथा स्वच्छता व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



