मध्यप्रदेश

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, 5 युवकों की मौत

समारोह से लौटते समय NH-30 पर भीषण हादसा; एक गंभीर घायल, मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य होने की आशंका

मैहर ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के मैहर जिले में जन्मदिन समारोह से लौट रहे युवकों की कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह युवक बुरी तरह फंस गए। हादसे में पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सभी युवक अमरपाटन जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रिगरा गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर तेज गति से आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए युवक

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक युवक का उपचार जारी है।

इलाके में शोक, पुलिस ने शुरू की जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या अन्य किसी वजह से हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!