चाय बनाते समय करंट लगने से महिला की मौत

बिलासपुर के हरदी कला गांव में दर्दनाक हादसा, किचन के टीन शेड में उतरे करंट की चपेट में आई महिला
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदी कला में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने घर के किचन में चाय बना रही थी। इसी दौरान किचन के टीन शेड में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
चाय बनाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 40 वर्षीय आशा देवी रजक के रूप में हुई है। सोमवार सुबह वह रोज की तरह अपने घर के किचन में चाय बनाने गई थीं। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने किचन के टीन शेड को छुआ, उसमें प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गईं। करंट का झटका इतना तेज था कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तथा महिला को उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) अस्पताल पहुंचाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वायरिंग में खराबी की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में घर की विद्युत वायरिंग में खराबी या करंट लीकेज की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



