मुंबई में भारी बारिश से हालात बिगड़े, दो जगह भूस्खलन; कई लोगों के दबे होने की आशंका

मुंबई-पुणे मार्ग बंद, कई ट्रेनें रद्द; एनडीआरएफ राहत-बचाव में जुटी, महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही भी स्थगित
मुंबई (शिखर दर्शन) // महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मुंबई में सोमवार को दो स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं, जिनमें कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों को राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना किया गया। लगातार बारिश के चलते मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे और पुराना मुंबई-पुणे हाईवे एहतियातन बंद कर दिया गया है, जबकि कई रेलगाड़ियों को भी रद्द करना पड़ा है।
भारी बारिश के चलते विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश तथा तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सभी विधायकों और नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की।
मुख्यमंत्री बोले— पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि दीवार गिरने, भूस्खलन और पेड़ गिरने जैसी घटनाएं अत्यधिक वर्षा का परिणाम हैं। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन तंत्र, नगर निगम और सभी संबंधित एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से झरनों और पर्यटन स्थलों पर जाने से बचने की भी अपील की।
कांग्रेस ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की
बारिश से हुई मौतों और हादसों को लेकर कांग्रेस ने उच्चस्तरीय जांच कराने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
13 लोगों की मौत, प्रशासन सतर्क
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि मुंबई, पालघर और रायगढ़ में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। पिछले तीन-चार दिनों में बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।




