मध्यप्रदेश

रेलवे स्टेशन पर मासूम से हैवानियत, खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा

अनूपपुर रेलवे स्टेशन परिसर का वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

अनूपपुर (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के अनूपपुर रेलवे स्टेशन परिसर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद अमानवीय घटना सामने आई है। रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास कुछ युवकों ने एक नाबालिग बच्चे को रस्सी से लोहे के खंभे में बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।

खंभे से बांधकर की बेरहमी से पिटाई

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि नाबालिग बच्चा रस्सी से बंधा हुआ है और खुद को छुड़ाने की कोशिश करते हुए रहम की गुहार लगा रहा है। इसके बावजूद कुछ युवक उस पर लगातार थप्पड़, लात-घूंसे और डंडों से हमला करते रहे। घटना के दौरान आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी हस्तक्षेप कर बच्चे को बचाने का प्रयास नहीं किया।

रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

यह घटना रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थल पर हुई, जिससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि रेलवे परिसरों की सुरक्षा के लिए तैनात जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) की मौजूदगी के बावजूद इस तरह की घटना होना चिंताजनक है। घटना के समय दोनों सुरक्षा एजेंसियों का कोई भी जवान मौके पर नजर नहीं आया।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा आक्रोश

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की है। नागरिकों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की जा रही है।

पुलिस कार्रवाई का इंतजार

फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!